कर्नाटक फ्लोर टेस्ट: सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस ने जताई ख़ुशी, कहा- संविधान जीता, लोकतंत्र बहाल हुआ

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने शुक्रवार को कहा कि येदियुरप्पा 'एक दिन के मुख्यमंत्री' साबित होंगे।

author-image
Deepak Kumar
एडिट
New Update
कर्नाटक फ्लोर टेस्ट: सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस ने जताई ख़ुशी, कहा- संविधान जीता, लोकतंत्र बहाल हुआ

उच्चतम न्यायालय द्वारा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को कल बहुमत साबित करने का आदेश दिए जाने के बाद कांग्रेस ने कहा कि संविधान की जीत हुई और लोकतंत्र बहाल हुआ।

Advertisment

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने शुक्रवार को कहा कि येदियुरप्पा 'एक दिन के मुख्यमंत्री' साबित होंगे।

सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, 'संविधान की जीत हुई, लोकतंत्र बहाल हुआ।'

उन्होंने कहा, 'बीएस येदियुरप्पा एक दिन के मुख्यमंत्री होंगे। संविधान एक गैरकानूनी मुख्यमंत्री तथा कर्नाटक के राज्यपाल के असंवैधानिक निर्णय को भी खारिज करता है।'

वहीं अभिषेक मनु सिंघवी ने फैसले पर कहा, 'यह एक ऐतिहासिक अंतरिम आदेश है क्योंकि अदालत ने 36 घंटे से भी कम समय में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। इसके तहत तुरंत बहुमत परीक्षण होगा जो कि कल 4 बजे होगा और एक प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण येदियुरप्पा जी के वकील ने माना कि कल तक येदियुरप्पा जी कोई नीतिगत निर्णय नहीं लेंगे।'

उन्होंने आगे कहा, 'सर्वोच्च न्यायालय ने एंग्लो-इंडियन सदस्य के नामांकन पर रोक लगा दी है क्योंकि अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत में कहा कि राज्य विधानसभा में एक एंग्लो-इंडियन सदस्य को नामित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।'

अदालत ने पुलिस महानिदेशक को नव निर्वाचित सांसदों की सुरक्षा की निगरानी निजी तौर करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, 'यह स्पष्ट है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के पत्रों में खुलासा नहीं किया गया है कि उन्होंने किस आधार पर दावा किया कि वह सरकार बनाएंगे। उनके पास राज्य में सरकार बनाने का कोई आधार नहीं था।'

गौरतलब है कि शीर्ष अदालत ने आज कहा कि येदियुरप्पा कल शाम चार बजे सदन में बहुमत साबित करें।

कर्नाटक राज्य में विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। प्रदेश की 224 सदस्यीय विधानसभा में 222 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 104, कांग्रेस को 78 और जदएस+ को 38 सीटें मिली हैं। फिलहाल, बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 112 है।

Source : News Nation Bureau

karnataka government formation congress reaction on sc verdict
      
Advertisment