logo-image

कल्याण सिंह की हालत नाजुक, मुख्यमंत्री योगी फिर देखने पहुंचे

कल्याण सिंह की हालत नाजुक, मुख्यमंत्री योगी फिर देखने पहुंचे

Updated on: 21 Aug 2021, 10:15 PM

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत शनिवार को उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी फिर संजय गांधी स्नात्कोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) उन्हें एक बार फिर देखने पहुंचे हैं।

एसजीपीजीआई के डाक्टरों ने कल्याण सिंह की वर्तमान स्थिति बेहद खराब होने की जानकारी मुख्यमंत्री समेत उनके परिवार के लोगों को भी दे दी है। शनिवार को देर शाम यह सूचना मिलने पर योगी आदित्यानाथ उन्हें देखने एसजीपीजीआई पहुंचे। वहां उन्होंने निदेशक डा. आरके धीमन व अन्य डाक्टरों से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।

योगी के साथ चिकित्सा शिक्षामंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के परिवार के लोगों से भी बात की और उन्हें हिम्मत बंधाते हुए पूर्व सीएम के स्वस्थ व दीर्घायु होने की कामना की।

कल्याण सिंह की हालत गंभीर होने पर चार जुलाई को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। उन्हें क्रिटिकल केयर आईसीयू में रखा गया है। संस्थान के क्रिटिकल केयर, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, इंडोक्राइनोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के प्रोफेसरों की टीम उनके इलाज में लगी हुई है। वह वेंटिलेटर पर हैं।

डॉक्टर कल्याण सिंह का डायलिसिस किया जा रहा है। ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने की कोशिश में जुटे हैं। कल्याण सिंह की बिगड़ी सेहत की खबर पाकर मुख्यमंत्री योगी गोरखपुर का दौरा रद्द करके पीजीआई पहुंचे। 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बार था जब मुख्यमंत्री योगी पूर्व मुख्यमंत्री का हालचाल जानने पहुंचे थे। आपको बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पीजीआई में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यपाल कल्याण सिंह को देखने पहुंचे थे।

कल्याण सिंह को 4 जुलाई को नाजुक अवस्था में पीजीआई शिफ्ट किया गया था। क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में उपचार होने के करीब चार दिन बाद कल्याण की तबीयत में काफी सुधार हुआ। वह लोगों से बातचीत करने के साथ उनका जवाब भी दे रहे थे। 17 जुलाई को सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया। अगले दिन फेफड़ों को जरूरत के अनुसार ऑक्सीजन न मिलने पर 18 जुलाई को गले में नली (नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन) डाली गई। ज्यादा दिक्कत बढ़ने पर 21 जुलाई को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। दो दिन से गुर्दे की काम करने की गति धीमी होने पर डॉक्टरों ने डायलिसिस शुरू कर दी है। इसके अलावा अन्य अंगों पर भी दबाव पड़ रहा है।

पीजीआई निदेशक डॉ. आरके धीमन बताते हैं कि कल्याण के उपचार में दिल, गुर्दा, डायबिटीज, न्यूरो, यूरो, गैस्ट्रो व क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग समेत 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में लगी हुई है।

एसजीपीजीआई के डॉक्टरों के अनुसार पछिले शनिवार से 89 वर्षीय पूर्व सीएम व वरिष्ठ भाजपा नेता कल्याण सिंह की तबीयत चिंताजनक बनी हुई है। अब वह खुद से ऑक्सीजन नहीं ले पा रहे हैं। इसकी वजह से उनके फेफड़ों और खून में पर्याप्त ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। फेफड़े, दिल, गुर्दा, लिवर पर दबाव बढ़ गया है। उनके उपचार में दिल, गुर्दा, डायबिटीज, न्यूरो, यूरो, गैस्ट्रो व क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग समेत 12 विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम लगातार निगरानी में लगी हुई है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.