logo-image

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का हालचाल लेने नड्डा पहुंचे पीजीआई

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का हालचाल लेने नड्डा पहुंचे पीजीआई

Updated on: 09 Jul 2021, 01:20 AM

लखनऊ:

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरूवार को पीजीआई में भर्ती यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का हालचाल लेने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित कई लोग पहुंचे। कल्याण सिंह के इलाज में लगे चिकित्सकों का कहना है कि हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि, हमारे वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने दिल्ली से हम और महामंत्री संगठन बीएल संतोष यहां पहुंचे हैं। कल्याण सिंह के स्वास्थ्य के बारे प्रधानमंत्री भी चिंतित थे। नड्डा ने कहा किकल्याण सिंह की तबीयत अब स्थिर है। उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। हमें विश्वास है कि वे जल्द स्वस्थ होंगे। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीजीआई की व्यवस्था बहुत कबिले तारीफ है। कल्याण सिंह का इलाज बहुत बेहतर ढंग से हो रहा है। हम ईश्वर से प्र्थना करते हैं कि वह जल्द स्वस्थ्य होकर समाजिक जीवन में आए उनका मार्गदर्शन हमें मिले।

लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत स्थिर है। वह यहां सीसीएम के आइसीयू मे भर्ती हैं। गुरुवार को वह डॉक्टरों के बताए कमांड को फॉलो कर रहे हैं और उसे बताने का भी प्रयास कर रहे हैं। क्रिटिकल केयर मेडिसिन के विभागाध्यक्ष समेत कार्डियो, न्यूरो नेफ्रो समेत पांच विभाग अध्यक्षों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। एसजीपीजीआई के निदेशक डॉक्टर आरके धीमन स्वयं उनकी तबीयत की पल-पल की निगरानी रख रहे हैं।

सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को देखने के लिए पीजीआई गए थे। मंगलवार को सीएम योगी दोबारा पूर्व मुख्यमंत्री को देखने पहुंचे तो कल्याण सिंह ने उनके सामने आंखें खोलीं और कैसे हैं पूछने पर हल्की प्रतिक्रिया भी दी थी। पिछले दिनों की तुलना में उनकी तबीयत में आंशिक सुधार हो रहा है।

गौरतलब हो कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और दिग्गज भाजपा नेता कल्याण सिंह को शनिवार देर रात लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने के बाद रविवार शाम संजय गांधी पीजीआई में शिफ्ट किया गया। योगी आदित्यनाथ लोहिया में भी सबसे पहले कल्याण सिंह को देखने पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह को भी फोन किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उनके स्वास्थ्य जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से फोन पर वार्ता कर उनकी बेहतर देखभाल का निर्देश भी दिया।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.