logo-image

चुनावी मिशन पर भाजपा- नड्डा, सरकार और संगठन के साथ तय करेंगे रणनीति

चुनावी मिशन पर भाजपा- नड्डा, सरकार और संगठन के साथ तय करेंगे रणनीति

Updated on: 07 Aug 2021, 11:55 AM

लखनऊ:

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज राजधानी लखनऊ पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह सरकार और संगठन के साथ मिलकर 2022 में होने वाले चुनाव की रणनीति तय करेंगे।

बताया जा रहा है कि वह मंत्रियों से उनके काम काज की रिपोर्ट भी ले सकते हैं। बीते दिनों उन्होंने कुछ टास्क मंत्रियों को सौंपा था उस पर भी सवाल जवाब हो सकता है।

भाजपा की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, नड्डा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नवनिर्वाचित जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों के सम्मेलन में उन्हें चुनाव में बूथ प्रबंधन से लेकर प्रचार प्रबंधन तक के गुर सिखाएंगे। फिर वह प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में कोर कमेटी की बैठक लेंगे।

नड्डा प्रदेश सरकार के मंत्रियों और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी लेंगे। इसके बाद 8 अगस्त को नड्डा आगरा में ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों की चुनावी बैठक लेंगे। उनका ब्रज क्षेत्र के भाजपा विधायकों से भी बातचीत का कार्यक्रम है। नड्डा आगरा में कोरोना वारियर्स सम्मलेन में भी शामिल होंगे।

गौरतलब हो कि भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से काफी गंभीर है। इसीलिए केंद्रीय नेतृत्व के किसी न किसी बड़े पदाधिकारी का यूपी दौरा बार- बार हो रहा है। पिछले दिनों राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने भाजपा के प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कुछ टास्क दिए थे। उस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चर्चा कर सकते हैं।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.