logo-image

झारखंड भाजपा ने पंचायत चुनाव को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर मढ़ा टाल मटोल का आरोप

झारखंड भाजपा ने पंचायत चुनाव को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर मढ़ा टाल मटोल का आरोप

Updated on: 13 Nov 2021, 07:10 PM

रांची:

झारखंड प्रदेश भाजपा ने राज्य में पंचायतों के चुनाव कराने के मुद्दे पर हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर टालमटोल का आरोप लगाया है। शनिवार को झारखंड प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक में पार्टी नेताओं ने कहा कि राज्य की सरकार गांव-गिरांव के जमीनी मुद्दों से मुंह चुरा रही है। उसे डर है कि पंचायत चुनाव होंगे तो लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस-राजद की सरकार को जबर्दस्त झटका देंगे। पंचायत चुनाव भले दलीय आधार पर नहीं होंगे, लेकिन यह सरकार जानती है कि लोग इन पार्टियों द्वारा समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ मतदान करेंगे और इसी वजह से पंचायत चुनाव की घोषणा नहीं की जा रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में झारखंड सरकार की विफलताओं से लोगों को अवगत कराने का निर्णय लिया गया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जनजातीय समुदाय का मान बढ़ाते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। यह झारखंड के लिए गर्व का विषय है। पार्टी की प्रदेश इकाई इसके लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस निर्णय के आलोक में झारखंड भाजपा ने यह निर्णय लिया है कि पूरे प्रदेश में प्रखंड स्तर पर आदिवासी गौरव दिवस मनाया जायेगा।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि बैठक में यह तय हुआ कि भाजपा के कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों को कोविड वैक्सीन लेने के लिए जागरूक करेंगे। झारखंड में पार्टी ने इस अभियान में 33 हजार कार्यकर्ताओं को लगाया है। बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद समीर उरांव भी उपस्थित रहे।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.