logo-image

बजट 2017: राजनीतिक चंदे पर जेटली की कैंची, 2000 रुपये से ज्यादा नकद मंजूर नहीं

नरेंद्र मोदी सरकार के चौथे आम बजट को पेश कर रहे वित्तमंत्री अरूण जेटली ने राजनीतिक चंदे पर बड़ा ऐलान किया है।

Updated on: 01 Feb 2017, 08:48 PM

नई दिल्ली:

नरेंद्र मोदी सरकार के चौथे आम बजट को पेश कर रहे वित्तमंत्री अरूण जेटली ने राजनीतिक चंदे पर बड़ा ऐलान किया है। जेटली ने कहा कि राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता लाना आवश्यक है। अब एक व्यक्ति से केवल 2000 रुपये का ही नकद चंदा लिया जा सकता है। 2000 रुपये नकद से ज्यादा के चंदे पर पार्टियों को हिसाब देना होगा।

सरकार ने राजनीतिक चंदे की पारदर्शिता के लिए एक अतिरिक्त कदम उठाया है। इसके लिए सरकार ने चुनावी बांड जारी करने का ऐलान किया है। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक कानून में संशोधन का प्रस्ताव किया है।

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि चंदा देने वाले चेक के जरिए बांड खरीद सकते हैं और यह धनराशि किसी राजनीतिक पार्टी के रजिस्टर्ड खाते में चली जाएगी।
उन्होंने कहा कि, 'यह सुधार राजनीतिक वित्त पोषण में काफी पारदर्शिता लाएगा और अगली पीढ़ी के कालेधन पर रोक लगाएगा।'

इसे भी पढ़ें: 11 सालों में राजनीतिक दलों को मिला 11367 करोड़ रु का चंदा, 69 फीसदी चंदे का स्रोत साफ नहीं : रिपोर्ट

देश में पॉलिटिकल फंडिंग को साफ-सुथरा बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों को इनकम टैक्स एक्ट के तहत समय पर रिटर्न भरना होगा ताकि गड़बड़ियों की आशंका पूरी तरह खत्म हो जाए।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। गांधी ने कहा कि राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता लाने के लिए उठाए गए कदम का समर्थन करते है।