भारतीय रेलवे ने शुक्रवार को ऐसे 13000 कर्मचारियों की पहचान की है जो लंबे समय से 'अनाधिकृत' रूप से अनुपस्थित चल रहे हैं। ग्रुप सी और डी के कर्मचारियों के इन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
रेलवे ने अपने संगठन का प्रदर्शन बेहतर करने और निष्ठावान व मेहनती कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एक अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है।
रेलवे ने अपने बयान में कहा, 'रेलवे के विभिन्न प्रतिष्ठानों में लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों की पहचान करने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के परिणाम में रेलवे ने अपने लगभग 13 लाख कर्मचारियों में से 13 हजार से भी अधिक ऐसे कर्मचारियों की पहचान की है, जो लंबे समय से अनाधिकृत तौर पर अनुपस्थित हैं।'
रेलवे ने अपने सभी अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि वे आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इन कर्मियों को कर्मचारी सूची से बाहर करें।
रेलवे ने यह कदम तब उठाया है जब रेल मंत्री पीयूष गोयल ने उच्च अधिकारियों से कहा है कि वे रेल के सभी विभागों में मौजूद उन लोगों का पता लगाएं जो लंबे समय से बिना बताए छुट्टी पर हैं।
इसे भी पढ़ें: रूस में राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में पुतिन समेत 8 उम्मीदवार शामिल
HIGHLIGHTS
- लंबे समय से गायब रहने वाले 13 हजार रेलवे कर्मचारियों की होगी छुट्टी
- मेहनती कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए शुरू अभियान का हिस्सा है ये कार्रवाई
Source : News Nation Bureau