logo-image

सिरसा: राम रहीम के 'डेरा' मुख्यालय से निकाली गईं 18 नाबालिग लड़कियां

हरियाणा के सिरसा में अधिकारियों ने मंगलवार को 'डेरा सच्चा सौदा' मुख्यालय से 18 नाबालिग लड़कियों को बाहर निकाला गया।

Updated on: 29 Aug 2017, 07:29 PM

highlights

  • 'डेरा सच्चा सौदा' मुख्यालय से 18 नाबालिग लड़कियों को बाहर निकाला गया
  • विशेष अदालत ने गुरमीत राम रहीम सिंह को 20 साल की सजा सुनाई है
  • डेरा समर्थकों के हिंसक विरोध में 38 लोगों की मौत, 264 से अधिक घायल हुए थे

नई दिल्ली:

हरियाणा के सिरसा में अधिकारियों ने मंगलवार को 'डेरा सच्चा सौदा' मुख्यालय से 18 नाबालिग लड़कियों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी लड़कियों का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया जाएगा।

सिरसा के उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने बताया, 'सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 18 वर्ष तक की उम्र की 18 लड़कियों को डेरा मुख्यालय से बाहर निकाला गया। अभी ये लड़कियां बाल संरक्षण अधिकारी की निगरानी में हैं और बाद में उन्हें विभिन्न जगहों पर स्थित बाल संरक्षण संस्थाओं में भेज दिया जाएगा।'

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 1999 में अपनी दो शिष्याओं के साथ दुष्कर्म करने और उन्हें आपराधिक धमकी देने के अपराध में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने सोमवार को 20 साल की सजा सुनाई है।

यह भी पढ़ें: डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को 10 नहीं 20 साल की सजा, 30 लाख का जुर्माना भी

उपायुक्त ने बताया कि इसके अलावा डेरा में रह रहे 650 लोगों को उनके घरों को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया, 'अब डेरा में सिर्फ 250 से 300 लोग ही बचे हैं।' उन्होंने बताया कि सिरसा में शांति बनी हुई है और डेरा की तरफ जाने वाली सड़कों को छोड़कर अन्य कस्बों में मंगलवार को शाम 7 बजे तक के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई है।

उन्होंने कहा, 'इंटरनेट सेवाएं भी शुरू कर दी गई हैं। शैक्षणिक संस्थान और बैंक फिर से खुल गए हैं और लोग अपने रोजाना के कामों में व्यस्त हो गए हैं। हालांकि एहतियात के तौर पर सिरसा में कई जगहों पर सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिस बल तैनात किए गए हैं।'

पंचकूला में सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा शुक्रवार को डेरा प्रमुख को दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा समर्थकों काफी उत्पात मचाया था।  इस हिंसक विरोध में 38 लोगों की मौत और 264 से अधिक घायल हुए थे।

यह भी पढ़ें: CBI जज बोले- गुरमीत सिंह ने साध्वियों को बंधक बनाकर किया रेप, ये माफी के काबिल नहीं