मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की बरगी विधानसभा से कांग्रेस के विधायक संजय यादव के बेटे विभोर यादव (16) ने अपने निवास पर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। कांग्रेस विधायक के बेटे के निधन पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने दुख व्यक्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक यादव का जबलपुर के हाथीताल में आवास है। यादव के छोटे बेटे विभोर ने अपने घर में ही लगभग चार बजे खुद को पिता की लायसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली। गोली उसके सिर में लगी। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
इस हादसे की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के कई बड़े नेता अस्पताल पहुंचे। विभोर के कमरे से एक सुसाइड नेाट भी मिला है, मगर आत्महत्या की वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
कांग्रेस विधायक के बेटे के निधन पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, मेरे करीबी साथी, विधायक संजय यादव के पुत्र विभु यादव के निधन की बेहद दुखद खबर प्राप्त हुई है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनो को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Source : IANS