logo-image

लखीमपुर खीरी हिंसा पर राजनीति को लेकर भाजपा ने साधा कांग्रेस, अखिलेश और टिकैत पर निशाना

लखीमपुर खीरी हिंसा पर राजनीति को लेकर भाजपा ने साधा कांग्रेस, अखिलेश और टिकैत पर निशाना

Updated on: 09 Oct 2021, 10:10 PM

नई दिल्ली:

भारतीय जनता पार्टी ने लखीमपुर खीरी हिंसा के मामले में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक गिद्ध बनकर ये लाशों पर राजनीति कर रहे हैं।

नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राजस्थान के पीलीबंगा में एक दलित युवक की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में एक दलित युवक को पीट-पीटकर मार दिया गया है। बर्बरता की इन तस्वीरों को देखकर किसी का भी दिल दुखी हो जाएगा। लेकिन न तो कांग्रेस के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस घटना की सुध ले रहे हैं और न ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, चन्नी और बघेल वहां जा रहे हैं।

राजस्थान में लगातार दलितों की हत्या का आरोप लगाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश में दलित भाई-बहन, महिलाएं कोई भी सुरक्षित नहीं है। लेकिन भाजपा शासित राज्यों की घटना पर बोलने वाले आज चुप हैं। उन्होंने कहा कि पीलीबंगा के हत्यारोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घर के बाहर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन की आलोचना करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ राहुल गांधी के ट्वीट में जिंदा है। उत्तर प्रदेश में इनकी कोई हैसियत नहीं है इसलिए ये दूसरे राज्यों से अपने मुख्यमंत्रियों को प्रदेश में अराजकता फैलाने के लिए बुला रहे हैं। कोविड काल के दौरान प्रियंका गांधी घर से बाहर नहीं निकली और अब झाड़ू लगाने का नाटक कर रही हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने अखिलेश यादव के बयान को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज की जननी समाजवादी पार्टी ही है।

गौरव भाटिया ने राकेश टिकैत के बयान की निंदा करते हुए कहा कि भारत में कानून का शासन है और यहां कानून के हिसाब से ही दोषियों को सजा दी जाएगी, आंख के बदले आंख के कानून से यह देश नहीं चल सकता।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों का हवाला देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लखीमपुर खीरी में जो हुआ दुखद था और आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

लखीमपुर खीरी हिंसा के मामले में न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और लोग देख भी रहे हैं कि कार्रवाई हो रही है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.