logo-image

झारखंड : ईडी ने मानव तस्कर पन्नालाल की 3.36 करोड़ की संपत्ति जब्त की

झारखंड : ईडी ने मानव तस्कर पन्नालाल की 3.36 करोड़ की संपत्ति जब्त की

Updated on: 04 Jan 2022, 09:50 AM

रांची:

प्रवर्तन निदेशालय ने मानव तस्कर पन्नालाल की 3.36 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली है। पन्नालाल और उसकी पत्नी सुनीता देवी पर 5000 से भी अधिक बच्चे-बच्चियों की ट्रैफिकिंग कर 80 करोड से भी ज्यादा संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इन दोनों के खिलाफ नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी (एनआईए) ने वर्ष 2020 में मामला दर्ज किया था।

इसके एक वर्ष पहले उसे झारखंड के खूंटी जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पन्नालाल झारखंड के खूंटी जिले के मुरहूब्लॉक अंतर्गत गनालोया गांव का निवासी है। उसने झारखंड से लेकर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गोवा सहित कई राज्यों में ह्यूमनट्रैफिकिंग के अवैध धंधे का नेटवर्क फैला रखा था।

अब प्रवर्तन निदेशालय ने पन्ना लाल महतो की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की है। ईडी के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जब्त की गई संपत्ति में दो करोड़ 96 लाख 54 हजार 713 रुपये की अचल संपत्ति, विभिन्न बैंक खातों में जमा 17 लाख 71 हजार 525 रुपये और 22 लाख 39 हजार 712 रुपये की कीमत वाली फॉर्च्यूनर गाड़ी शामिल है।

आरोप है कि पन्ना लाल महतो और उसकी पत्नी सुनीता देवी ने दिल्ली में तीन प्लेसमेंट एजेंसियां खोल रखी थी और इसके जरिए पिछले एक दशक से बड़े पैमाने पर ह्यूमनट्रैफिकिंग की जा रही थी। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि उसने झारखंड के 5000 से ज्यादा बच्चे-बच्चियों को नौकरी दिलाने के नाम पर तस्करी की और उन्हें देश के अलग-अलग भागों में बेच डाला। पन्नालाल और उसकी पत्नी सुनीता वर्ष 2003 से ही मानव तस्करी कर रहे थे। इन्होंने हर जगह अपने एजेंट बहाल कर रखे थे।

पन्नालाल महतो के खूंटी जिले के एंटी ह्यूमनट्रैफिकिंग थाने में छह मामले दर्ज हैं। इसके अलावा रांची के जगन्नाथपुर थाना , दिल्ली के सुल्तानीपुर थाना और खूंटी जिले के मुरहू थाने में भी उसके खिलाफ एफ आई आर दर्ज हैं।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.