logo-image

भाजपा की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बोलीं, मोदी राम तो योगी लक्ष्मण के समान

भाजपा की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बोलीं, मोदी राम तो योगी लक्ष्मण के समान

Updated on: 06 Sep 2021, 10:45 PM

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का शुभारंभ करते हुए मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने मोदी-योगी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राम तो मुख्यमंत्री योगी को लक्ष्मण समान हैं।

लखनऊ में सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दीप प्रज्वलित कर भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने शुभारंभ किया।

योगी सरकार के मिशन शक्ति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्मण ने जिस तरह महिला रक्षा की रेखा खींची, उसे योगी आगे बढ़ा रहे हैं। बिना किसी दल या नेता का नाम लिए कहा कि अब युवराज और युवरानी का वक्त चला गया। आज नई दुर्गा स्मृति ईरानी हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत जो शौचालय बनवाएं हैं वे सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं हैं। वे महिलाओं के सम्मान के प्रतीक हैं। पहले ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में अंधेरा था और उन्हें अंधेरे का ही इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए परिवारवाद पर भी प्रहार किया। कहा कि उत्तर प्रदेश ने देखा है कि कैसे पिता के बाद उनका पुत्र भी मुख्यमंत्री बन जाता है, जबकि लोकतंत्र की खूबसूरती सिर्फ भाजपा में हैं।

तीन तलाक कानून का जिक्र करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने कहा कि एक वर्ग की महिलाओं की आजादी के बारे में इससे पहले किसी कथिक सेक्युलर ने बात तक नहीं की। बता दें कि वनाथी श्रीनिवासन ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में फिल्म अभिनेता कमल हासन को हराया था।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.