logo-image

क्या है डेरा सच्चा सौदा? जानें इससे जुड़ी मुख्य बातें

हरियाणा और पंजाब समेत विभिन्न राज्यों में डेरा सच्चा सौदा का जितना प्रभाव है, उतना ही डेरा विवादों से भी घिरा रहा है।

Updated on: 25 Aug 2017, 10:31 AM

नई दिल्ली:

हरियाणा और पंजाब समेत विभिन्न राज्यों में डेरा सच्चा सौदा का जितना प्रभाव है, उतना ही डेरा विवादों से भी घिरा रहा है। डेरा प्रमुख और उनके प्रमुख अनुयायियों के खिलाफ अदालत और पुलिस थानों में करीब आधा दर्जन बड़े मामले चल रहे हैं। इसके बावजूद डेरा अनुयायियों की श्रद्धा कभी डेरा प्रमुख के प्रति प्रभावित होती दिखाई नहीं दी है।

आइये जानते हैं डेरा सच्चा सौदा से जुड़ी मुख्य बातें-

  • 29 अप्रैल 1948 को तत्कालीन पंजाब के सिरसा में बलोचिस्तीनी साधू शाह मत्तन जी ने डेरा डाला, जो बाद में मस्ताना बाबा के नाम से जाने गए। उन्हीं ने अपने डेरे को सच्चा-सौदा का नाम दिया।
  • उनका स्वाभाव सूफी फकीर जैसा था। जिसके फलस्वरूप लाखों लोग उनसे जुड़ते चले गए। मृत्यु उपरांत 1960 में सतनाम सिंह डेरा प्रमुख बने।
  • 13 सितंबर 1990 में सतनाम सिंह की मृत्यु के उपरांत गुरमीत राम रहीम सिंह (वर्तमान डेरा प्रमुख) ने गद्दी संभाली।
  • गुरमीत राम रहीम सिंह ने सर्वधर्म के प्रतीक के रूप में अपने नाम के साथ राम, रहीम, सिंह जोड़ा जिसने शाह सतनाम सिंह मस्ताना की विरासत कई गुना बढ़ गई।

यह भी पढ़ें : कौन हैं गुरमीत राम रहीम? जानें इनसे जुड़ी 10 मुख्य बातें

  • हरियाणा के सिरसा में डेरा प्रमुख का मुख्य आश्रम है। यह डेरा 1948 में साह मस्ताना जी ने स्थापित किया था जिसके आज लाखों अनुयायी हैं और पूरे देश में इनके 50 से भी ज्यादा आश्रम हैं।
  • अमेरिका, कनाडा और इंग्लैंड से लेकर ऑस्ट्रेलिया और यूएई तक उनके आश्रम व अनुयायी हैं। डेरे का दावा है कि दुनियाभर में उनके करीब पांच करोड़ अनुयायी हैं, जिनमें से 25 लाख अनुयायी अकेले हरियाणा में ही मौजूद हैं।
  • वर्तमान बाबा गुरमीत राम रहीम तीसरे गद्दीनशीं हैं। अब डेरे की अरबों रुपये की सम्पत्ति पूरे भारत में है। आश्रम में एक समय में 1 लाख अनुयायियों के सभा स्थल की क्षमता है।
  • आश्रम में एमएसजी दवाइयां व अन्य उत्पादों की फैक्ट्रियां भी हैं। जब बाबा सिरसा में होते हैं तो सुबह-शाम आश्रम में लोगों को सम्बोधित करते है। अन्यथा हर महीने के अंतिम रविवार को बड़ा सत्संग होता है।
  • डेरा सच्चा सौदा ट्रस्ट का एक कॉम्प्लेक्स भी है जिसमें हर चीज की दुकान है और सबका का नाम 'सच' से शुरू होता है।

यह भी पढ़ें : गुरमीत राम रहीम केस: समर्थको से शांति रखने की अपील, धारा 144 लागू

  • डेरा की ओर से सामाजिक कार्यों, खूनदान और गरीबों के लिए मदद आदि मुहैया करवाया जाता है। इसका सिरसा में अस्पताल भी हैं जहां लोगों का सस्ता इलाज किया जाता है।
  • डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का दावा हैं कि वह कई विधाओं को जानते हैं। वह हिप हॉप, फ्यूज़न, फोक, जैज, रैप, 107 कॉन्सर्ट में हिस्सा ले चुके हैं और 32 खेलों में उनको महारत हासिल है।
  • ब्रिटेन स्थित वर्ल्ड रिकॉर्ड यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद डॉक्टरेट की डिग्री से नवाजा है। राम रहीम के नाम विभिन्न श्रेणियों में 53 वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं। जिनमें से 17 गिनिज रिकॉर्ड, 27 एशिया बुक रिकॉर्ड्स, 7 इंडिया बुक रिकॉर्ड्स और 2 लिम्का रिकॉर्ड्स हैं।

यह भी पढ़ें : राम रहीम की वीडियो अपील, अनुयायी वापस घर जाएं