logo-image

सैनिक राष्ट्र का गौरव होते हैं : मंगुभाई पटेल

सैनिक राष्ट्र का गौरव होते हैं : मंगुभाई पटेल

Updated on: 19 Sep 2021, 10:20 PM

भोपाल:

मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सैनिक राष्ट्र का गौरव होते है। उनसे जनमानस को राष्ट्र की सेवा और संकल्प की प्रेरणा लेनी चाहिए।

राज्यपाल पटेल रविवार को सशस्त्र सीमा बल की ओर से भोपाल के शौर्य स्मारक से दिल्ली के राजघाट तक निकाली जाने वाली साइकिल रैली का शुभारंभ करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को जन उत्सव के रूप में मनाया जाए और सीमा बल देश के विभिन्न हिस्सों भाषा, वर्ग और समुदायों के बीच देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ खपा देने वाले अनजान नायकों, नायिकाओं की गाथाओं को पहुंचाएं।

राज्यपाल पटेल ने कहा, हमारा देश ज्ञान और समृद्धि का प्रतीक था। यहां तक्षशिला नालंदा जैसे ज्ञान के केंद्र थे। जहां दुनिया भर के लोग ज्ञान प्राप्त करते थे। हमारा देश इतना समृद्ध था कि दूध-दही की नदियां बह जाएं। ऐसे वीर सेनानी थे, जिनकी वीरता की दुनिया में मिसाल दी जाती थी। व्यापार करने आए अंग्रेजों ने लोगों की आपसी ईष्र्या, फूट और भेदभाव का लाभ लेते हुए आपस में लड़वाकर सत्ता हड़प ली।

उन्होंने कहा कि आजादी हमें कठिन संघर्ष के बाद मिली है। इसके लिए किए गए त्याग और बलिदान से आजादी के अमृत महोत्सव में युवा पीढ़ी को परिचित कराया जाए। साथ ही राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में लगे सैनिक बलों के द्वारा आजादी के महोत्सव कार्यक्रमों के आयोजन लिए सराहना की।

सशस्त्र सीमा बल अकादमी के निदेशक राजिंद्र कुमार भूमला ने बताया कि साइकिल रैली करीब 865 किलोमीटर की यात्रा कर दो अक्टूबर को राजघाट में सम्पन्न होगी। उन्होंने सशस्त्र सीमा बल के गठन के संबंध में जानकारी दी देते हुए बताया कि भोपाल स्थित प्रशिक्षण अकादमी द्वारा सहायक कमांडेंट से लेकर उप महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।

राज्यपाल पटेल ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। शौर्य स्मारक आगमन पर राज्यपाल को सशस्त्र सीमा बल की सम्मान गारद द्वारा सलामी दी गई। सशस्त्र सीमा बल की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर इंडो-तिब्बत-बॉर्डर पुलिस के महानिरीक्षक संजीव रैना, सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी उनके परिजन भी मौजूद थे।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.