logo-image

बिहार : जंगल में पेड़ से लटके मिले लड़का, लड़की के शव

बिहार : जंगल में पेड़ से लटके मिले लड़का, लड़की के शव

Updated on: 22 Sep 2021, 12:35 AM

जमुई:

बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को महुआ के पेड़ से लटके एक लड़का और लड़की के शव बरामद किए। पुलिस दोनों शवों को बरामद कर मामले की छानबीन में जुट गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने बनजामा गांव के पास सहिया जंगल में एक पेड़ से लटका एक लड़के और लड़की के शव बरामद किए हैं। शवों की पहचान कर ली गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच दो वर्षो से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के शव एक ही दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटके हुए थे। लड़की की मांग में सिंदूर भी था।

पुलिस के मुताबिक, लड़का अपने मामा के घर पर रहकर पढ़ाई करता था और उसी गांव की एक लड़की से उसे प्यार हो गया। लड़का की उम्र 17 वर्ष बताई जाती है, जबकि लड़की 16 वर्ष के करीब बताई गई। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रेम प्रसंग से लड़की के घर वाले नाराज थे।

जमुई के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। लड़का-लड़की के बीच प्रेम-प्रसंग था। दोनों सोमवार को घर से गायब थे। उन्होंने आशंका जाहिर करते हुए कहा कि दोनों की अन्यत्र हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.