नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ( Congress leader Jitin Prasad ) भाजपा में शामिल हो गए हैं। यह न केवल देश की राजनीति में उथल-पुथल लाने वाली घटना है बल्कि कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका भी है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो जितिन को भाजपा ( BJP ) के टिकट पर उत्तर प्रदेश की धौरहरा सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है। जितिन प्रसाद एक बड़ा ब्राह्मण चेहरा हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस के लिए सिरदर्द साबित हो सकते हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम और फिर एमबीए की बढ़ाई करने वाले जितिन प्रसाद के राजनीति सफर की बात करें तो सबसे पहले कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद 2001 में भारतीय युवा कांग्रेस के सेक्रेटरी बनाए गए थे। जिसके बाद वह आगामी लोकसभा चुनाव 2004 में अपने गृह जनपद शाहजहांपुर से पहली बार सांसद चुने गए।
2008 में मनमोहन सिंह सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया
जितिन प्रसाद की बेदाग छवि और उत्तर प्रदेश की राजनीति में दबदबा के चलते साल 2008 में उनको मनमोहन सिंह सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया। जितिन प्रसाद की जीत का सिलसिला जारी रहा और अगले साल हुए आम चुनाव 2009 में वह धौरहरा सीट से चुनाव लड़े और एक बार लोकसभा सांसद चुने गए। इनाम के तौर पर कांग्रेस ने उनको एक बार फिर केंद्र में मंत्री पद से नवाजा और वह 2009 से 2011 तक सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री रहे।
जितिन ने संभालीं कई जिम्मेदारियां
इसके साथ ही 2011-12 में उनको पेट्रोलियम मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई। यही नहीं 2012-14 में वह मानव संसाधन विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री भी रहे। जितिन प्रसाद कांग्रेस के उन नेताओं में से एक हैं, जिनको कांग्रेस आलाकमान और राहुल-प्रियंका का बेहद करीबी माना जाता है। हालांकि उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें भी गाहे-बगाहे सुनने को मिलती रहीं। मध्य प्रदेश के दिग्गज कांग्रेसी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के समय भी उनका नाम काफी उछला था।
कांग्रेस पार्टी से पुराना नाता
जितिन प्रसाद के परिवार को कांग्रेस और देश की राजनीति से पुराना नाता रहा है। जितिन के पिता जितेंद्र प्रसाद कांग्रेस के पुराने और धुरंधर नेता रहे हैं। जितेंद्र प्रसाद ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और फिर नरसिम्हा राव के राजनीतिक सलाहकार की भी भूमिका निभाई है। यह उनके राजनीतिक रसूख का असर था कि कांग्रेस ने जितेंद्र प्रसाद को पार्टी का उपाध्यक्ष भी बनाया था।
HIGHLIGHTS
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद भाजपा में शामिल हो गए हैं।
- जितिन प्रसाद 2001 में भारतीय युवा कांग्रेस के सेक्रेटरी बनाए गए थे
- 2004 में अपने गृह जनपद शाहजहांपुर से पहली बार सांसद चुने गए थे जितिन
Source : IANS/News Nation Bureau