logo-image

दिग्विजय सिंह ने संभाला कांग्रेस का मोर्चा

दिग्विजय सिंह ने संभाला कांग्रेस का मोर्चा

Updated on: 28 Sep 2021, 02:25 PM

भोपाल:

मध्यप्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह की सक्रियता एक बार फिर तेजी से बढ़ चली है, वे हर मोर्चे पर पार्टी की कमान संभाले नजर आ रहे हैं। वहीं कांग्रेस के तमाम बड़े नेता इन दिनों चुप्पी साधे हुए हैं, तो वहीं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ स्वास्थ्य कारणों से देश से बाहर हैं।

बीते कुछ दिनों की राज्य की सियासी हलचल और खासकर कांग्रेस की गतिविधियों पर नजर दौड़ाई जाए तो इनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सक्रियता सबसे ज्यादा नजर आती है। वे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दौरे कर रहे हैं, आंदोलन, धरना और प्रदर्शन में हिस्सा भी ले रहे हैं। इसके साथ ही सीधे तौर पर वे सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।

ऐसा नहीं है कि सिर्फ दिग्विजय सिंह ही सबसे ज्यादा सक्रिय हों, हां कुछ नेता जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो, जीतू पटवारी, पीसी शर्मा, कमलेश्वर पटेल, सचिन यादव जैसे नेता भी अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं, मगर इन सभी नेताओं की सक्रियता सीमित दायरे में है। पूरे राज्य में अगर कोई एक नेता सक्रिय है तो वह दिग्विजय हैं। इनके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री अजय सिंह जैसे तमाम नेताओं की सक्रियता नजर नहीं आ रही है। इतना ही नहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से देश के बाहर हैं। इन स्थितियों में मध्य प्रदेश की कांग्रेस की कमान पूरी तरह दिग्विजय सिंह ने थाम रखी है। उन्होंने सोमवार को भोपाल में किसान आंदोलन में हिस्सा लिया तो है, मंगलवार को इंदौर में प्रदर्शन करने पहुंच गए।

कांग्रेस ने इंदौर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन कई कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा की गई जिला बदर कार्रवाई का विरोध को लेकर है। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता सड़क पर उतरे हैं।

कांग्रेस के इंदौर प्रदर्शन पर भाजपा सांसद शंकर लालवानी ने तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह और कांग्रेस कभी-कभी बाहर निकलते हैं। उन्हें प्रदेश और शहर के विकास की चिंता नहीं है। वह केवल गैरकानूनी काम करने वाले लोगों के समर्थन में सामने आते हैं।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.