logo-image

हम नए झारखंड के प्लान पर काम करेंगे : राजेश ठाकुर

हम नए झारखंड के प्लान पर काम करेंगे : राजेश ठाकुर

Updated on: 27 Oct 2021, 11:15 PM

नई दिल्ली:

हाल ही में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने राजेश ठाकुर ने कहा कि वे संगठन की सभी इकाइयों के साथ मिलकर काम करेंगे। करीब दो वर्षों तक कार्यकारी अध्यक्ष रहे राजेश ठाकुर को बीते अगस्त में ही नया अध्यक्ष बनाया गया था। दिल्ली पहुंचे राजेश ठाकुर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राज्य स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति पर काम करने की योजना बनाई गई है। हम एक नए झारखंड के प्लान पर काम करेंगे।

सवाल- सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे। कांग्रेस अध्यक्ष की तरफ से आपको क्या निर्देश दिया गया कि आगे स्टेट में क्या कुछ काम करेंगे?

जवाब : जिस तरह से लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं, जिस तरह से लोग नफरत की मार झेल रहे हैं, उन सब चीजों से कैसे निजात दिलाई जाए, उसके लिए हम लोगों को सोनिया गांधी का आदेश मिला है कि 15 अक्टूबर से जनजागरण अभियान के तहत काम करना है। इस बारे में चर्चा हुई कि हम कैसे आम लोगों से कनेक्ट हों, कैसे उनकी बातों को एक मंच दें।

सवाल- कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते आपको क्या जिम्मेदारी दी है? उसे झारखंड में कब से शुरू किया जाएगा और कितने लोगों को जोड़ने का प्रयास रहेगा आपके माध्यम से?

जवाब- जल्द ही झारखंड में 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति का गठन हो जाएगा। निगम, बोर्ड, आयोग आदि में जो पद खाली हैं उनको भर दिया जाएगा। कांग्रेस के जो मेहनती कार्यकर्ता हैं उनको उसमें जगह दी जाएगी। बोर्ड, निगम, आयोग का बंटवारा जल्द महागठबंधन में हो जाएगा। 15 दिन के अंदर यह सब कुछ हो जाएगा। इस बार हमें राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 15 लाख लोगों को पार्टी से जोड़ने का टारगेट दिया है। पिछली बार हमने साढ़े 4 लाख लोगों को जोड़ा था।

बैठक में हमें 15 लाख नए सदस्यों को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। हम उसको पूरा करने का काम करेंगे साथ ही साथ जो जन जागरण अभियान चलाने की बात कही गई है उसमें ब्लॉक स्तर और पंचायत स्तर पर जो हमारे सीनियर लीडर्स हैं, विधायक, मंत्री हैं सबको लगाने का काम करेंगे। हमें लगता है कि जनता में आक्रोश है।

सवाल- कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नेताओं को प्रशिक्षण देकर बीजेपी और संघ से मुकाबला करने के लिए पार्टी के प्रवक्ताओं और नेताओं को तैयार किया जायेगा।

जवाब- ये प्रशिक्षण मुकाबले के लिए नहीं है। प्रशिक्षण देने की बात उन्होंने कही है.. उन्होंने कहा कि जो लोग सदस्यता लेते हैं उन्हें प्रशिक्षित किया जाना चाहिए और प्रशिक्षण शिविर लगातार चलता रहता है। सचिन राव जी इसकी पूरी व्यवस्था देखते हैं। एक महीने पहले भी इस तरीके का एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। हमने 11 लोगों की एक टीम बना दी है जो सदस्यता अभियान के लिए काम करेंगे, साथ-साथ लोगों को ट्रेनिंग देने का काम भी करेंगे। हमें लगता है कि इससे पार्टी को आने वाले दिनों में बेहद फायदा होगा। प्रशिक्षण की आवश्यकता है क्योंकि पार्टी में बहुत से नए लोग लगातार जुड़ रहे हैं।

सवाल- आरजेडी- कांग्रेस का गठबंधन अब टूट गया है। झारखंड में पार्टी किस तरीके से मजबूती के लिए काम करेगी और पार्टी क्या रणनीति तैयार कर रही है ?

जवाब- कांग्रेस पार्टी और हमारा सीधा मानना है कि गठबंधन अपनी जगह पर है और संगठन अपनी जगह पर है। संगठन हमारा मजबूत होगा तो गठबंधन मजबूत होगा। हम अपने संगठन को मजबूत करने में लगे हैं। हम इस फिराक में नहीं रहते कि उनको नीचा दिखा करके हम ऊपर आएंगे। हम चाहते हैं कि हम खुद ऊपर जाएंगे, तो अपने आप को मजबूत करने में लगे हैं।

सवाल- बैठक में आपकी तरफ से क्या इनपुट दिए गए ?

जवाब- झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह बीते दिनों 43 दिनों तक झारखंड में रहे। पूरा रोडमैप कि हम लोगों को कैसे क्या करना है ये उन्होंने तय किया था। उस समय भी मैं कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहा था। यही सारी रिपोर्ट हमने कांग्रेस अध्यक्ष को दी है। इसी से जुड़े इनपुट भी दिए कि सदस्यता अभियान को कैसे चलाएंगे.. पार्टी को झारखंड में किस तरीके से मजबूत करेंगे..कैसे जन जागरण अभियान चलाया जाएगा।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.