logo-image

गांधी जी की 152वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में सभी निगम विद्यालयों में मनाया जायेगा स्वच्छता पखवाड़ा

गांधी जी की 152वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में सभी निगम विद्यालयों में मनाया जायेगा स्वच्छता पखवाड़ा

Updated on: 28 Sep 2021, 09:20 PM

नई दिल्ली:

2 अक्टूबर महात्मा गांधी की 152वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तीनों निगमों के लगभग 1500 से अधिक विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जायेगा। इन सभी विद्यालयों में एक-एक वालंटियर को एक-एक विद्यालय का इंचार्ज बनाया जायेगा, वह विद्यालय में सबके सहयोग से साफ-सफाई कराएंगे एवं बेकार पड़े कबाड़ को भी हटावाएंगे।

गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, दाक्षिणी दिल्ली के महापौर मुकेश सूर्यान, उत्तरी दिल्ली निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह और पूर्वी दिल्ली के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने इसको लेकर विस्तृत जानकारी साझा की।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के 700 विद्यालयों, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के करीब 550 विद्यालयों व पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 350 विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।

दक्षिणी दिल्ली के महापौर मुकेश सुर्यान ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के करीब 550 विद्यालय है जिनमें विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा और जिन विद्यालयों में जहां-जहां आवश्यकता होगी, वहां पर न केवल रंग-रोगन, पेंट करवाया जायेगा, बल्कि बच्चों के फर्नीचर, ब्लैक बोर्ड, पाकरें की स्थिति और झूलों, इत्यादि को भी दुरस्त किया जायेगा।

दरअसल तीनों नगर निगम में जिन विद्यालयों में सबसे अच्छी स्वच्छता होगी, उन्हें पुरस्कार दिए जाएंगे।

इस मुहिम में न केवल निगम विद्यालयों बल्कि दक्षिणी निगम के प्राइवेट स्कूलों को भी शामिल किया जायेगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा छात्र और युवाओं के बीच गांधी जी के विचार, शिक्षा, संस्कार व संदेश पहुंच सके।

निगम के मुताबिक, इस अभियान के बारे में ऑनलाइन कक्षाओं में बच्चों को भी बताया जाएगा। इस अभियान में स्कूल के कर्मचारी एवं आस-पास के माता-पिता भी भाग लेंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य एवं एक वालंटियर जिसे संयोजक बनाया जाएगा, उसकी पूर्ण जिम्मेदारी होगी।

दक्षिणी निगम के विद्यालयों में गांधी दर्शन पर ऑनलाइन माध्यम से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और जिंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 2 से 10 साल तक की आयु के बच्चे भाग लेंगे, जिसमें बच्चे गांधी जी के विभिन्न रूपों का वेष धारण करेंगे। उनकी फोटो एक पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिसका लिंक 1 अक्टूबर को जारी कर दिया जाएगा।

सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली तस्वीरों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे और जिंगल प्रतियोगिता में गांधी जी और उनके दर्शन पर स्वरचित जिंगल की प्रतियोगिता होगी।

इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को एक डिजिटल सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने बताया कि, पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 352 स्कूल हैं जिनमें विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। पूर्वी निगम के प्रत्येक विद्यालयों में गांधी जी के चित्र के साथ उनके संदेशों को लिखा जायेगा, जिससे स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों से शिक्षा ले सकें।

वहीं उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी का मानना था कि साफ-सफाई, ईश्वर भक्ति के बराबर है और इसलिए उन्होंने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने संबंधी शिक्षा दी थी और देश को एक उत्कृष्ट संदेश दिया था।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से गांधी जी के आदशरें, विचारधारा व उद्देश्यों के बारे में बताया जाएगा ताकि छात्र इनसे अपने जीवन में प्रेरणा ले सकें।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.