छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस के सामने सरेंडर करने के चार दिनों बाद ही एक नक्सली की बुधवार को हत्या कर दी गई। कथित तौर पर यह हत्या नक्सलियों ने की है। मृतक पिछले 25 सालों से नक्सलियों के लिए काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, पोडिया बड्डे (55) की हत्या तड़के लगभग 4.30 बजे किरंदुल थाना क्षेत्र के चोलनार में धारदार हथियार से की गई। चार दिनों बाद ही पेडिया बड्डे ने नक्सलवाद से तौबा कर पुलिस के सामने सरेंडर किया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया, 'पोडिया डीकेएमएस के सदस्य के रूप में काम कर रहा था। वह नक्सलियों के भर्ती विंग का भी सदस्य था। युवक-युवतियों को संगठन में भर्ती करने सहित उन्हें प्रशिक्षण देने के काम में पोडिया को लगाया जाता था। अप्रैल महीने में हुए चोलनार विस्फोट में पोडिया मास्टरमाइंड था और उसी के घर में विस्फोटक रखा गया था।'
पल्लव ने बताया, '2017 में पोडिया ने अपने ही चचेरे भाई और सरपंच की हत्या कर दी थी। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज है।'
और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर : शोपियां में आतंकियों ने किया बड़ा हमला, 4 पुलिसकर्मी शहीद
उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा आने के बाद पोडिया को कहा गया था कि वह गांव न जाकर किरंदुल में रहने वाले अपने भाई के पास रहे, मगर वह नहीं माना और यह हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source : IANS