चांद के दक्षिणी धुव्र पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है. लोग सड़कों पर उतर आए और भारत माता की जय के नारे लगने लगे. लोगों ने सफलता पर जमकर जश्न मनाया. आतिशबाजी के साथ जमकर डांस किया. आपको बता दें कि भारत पहला देश बन चुका है, जिसने चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर लैंड किया है. यह प्रक्रिया काफी जटिल थी. इस कारण इसरो ने अंत समय तक अपनी पैनी नजर बनाए रखी. इसरो के यूट्यूब चैनल में देखा गया कि इस सफलता के बाद पूरे कार्यालय में कर्मचारी खुशी से झूम उठे. उन्होंने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी.
इस मौके पर पीएम ऑनलाइन इसरो के कार्यालय से जुड़े और तिरंगा दिखाकर वैज्ञानिकों का आभार प्रकट किया. अंत समय पर सभी की धड़कनें तेज हो गई थीं, चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद पूरा माहौल जश्न में बदल गया. सोशल मीडिया पर कई वीडियो छाए रहे. इस दौरान सूरत में स्कूली बच्चे चंद्रयान-3 मिशन को चंद्रमा की सतह पर उतरते देख खुशी से नाचने लगे. वहीं शिक्षक भी इस जश्न में शामिल हुए. उन्होंने बच्चों को मिठाई बांटी.
चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने तिरंगा फहराया. उन्होंने मीडिया कर्मियों और कर्मचारियों के साथ खुशी का इजहार किया. इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी.
वहीं चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सराहना की. चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तालियां बजाईं.
जम्मू-कश्मीर में इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद जम्मू में सीआरपीएफ जवानों ने जश्न मनाया और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए.
पश्चिम बंगाल के भाजपा नेताओं ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर उतरने पर जश्न का आयोजन किया. विदेशों में भी चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर जश्न मनाया गया। भारतीय दूतावास में मिठाइयां बांटी गईं और लाइव प्रसारण को देखकर लोग झूम उठे।
Source : News Nation Bureau