logo-image

बिहार के मंत्री ने बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए फिर उठाया हाई डैम बनाने का मुद्दा

बिहार के मंत्री ने बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए फिर उठाया हाई डैम बनाने का मुद्दा

Updated on: 14 Jul 2021, 08:25 PM

पटना:

बिहार में अभी जुलाई महीने में ही अधिकांश प्रमुख नदियों के जलस्तर में हुई वृद्धि के बाद आठ से नौ जिलों में बाढ़ का पानी फैला हुआ है। इस बीच, बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने एकबार फिर बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए नेपाल में प्रमुख नदियों पर हाई डैम बनाने तथा गंगा में गाद की समस्या का मुद्दा उठाया है।

बिहार के मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए नेपाल में प्रमुख नदियों पर हाई डैम बने। उन्होंने फरक्का बराज की जल निकासी क्षमता और गंगा जल में अंतरराज्यीय और अंतराष्ट्रीय हिस्सेदारी पर पुनर्विचार और गंगा नदी में गाद का मुद्दा उठाया है।

उन्होंने कहा कि फरक्का बराज बनने से गंगा नदी में गाद भरने की वजह से नदी का बहाव, उसकी अविरलता प्रभावित हुई है।

झा ने कहा कि गंडक, बागमती, कमला, कोसी, महानंदा सहित कई नदियां नेपाल से पानी लेकर उत्तर बिहार में आती हैं और बिहार के मध्य में गंगा नदी में मिलती हैं।

नेपाल में भारी बारिश होने पर ये नदियां अत्यधिक पानी और गाद लाती हैं, जिससे जलप्लावन की स्थिति बन जाती है।

उन्होंने कहा, बिहार के बड़े इलाके में आने वाली बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए नेपाल में प्रमुख नदियों पर हाई डैम बनाने की आवश्यकता है। इस मुद्दे पर भारत और नेपाल सरकार के बीच वार्ता का दौर दशकों से जारी है, पर अपेक्षित परिणाम नहीं निकला है।

उन्होंने आगे कहा कि फरक्का बराज बनने के बाद से गंगा नदी की तलहटी में गाद भर रहा है, जिससे नदी की अविरलता प्रभावित हुई है। फरक्का बराज की जल निकासी क्षमता और गंगा जल में अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय हिस्सेदारी पर पुनर्विचार की मांग बिहार वर्षों से कर रहा है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.