logo-image

मप्र के दूरस्थ क्षेत्र की महिला पुलिसकर्मी को मिले दो पहिया वाहन

मप्र के दूरस्थ क्षेत्र की महिला पुलिसकर्मी को मिले दो पहिया वाहन

Updated on: 08 Mar 2022, 10:10 PM

भोपाल 8 मार्च:

मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश के दूरस्थ अंचलों के थानों की ऊर्जा महिला डेस्क को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 100 दोपहिया वाहनों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और महिला सुरक्षा का संकल्प दोहराया।

मुख्यमंत्री चौहान ने महिला वाहन रैली को रवाना करते हुए कहा, माँ-बेटी और बहनों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक अभियान संचालित किए जा रहे हैं। महिला अपराधों के प्रति हमारा जीरो टॉलरेंस हैं। बेटियों के साथ अभद्रता करने वालों को सीधे फांसी के फंदे पर चढ़ाने का कानून प्रदेश की विधानसभा ने देश में सबसे पहले बनाया था।

मुख्यमंत्री चौहान ने आगे कहा कि हमारा यह फैसला था कि पुलिस फोर्स में 30 प्रतिशत भर्तियां महिलाओं की होगी। यह गर्व का विषय है कि बेटियां पूरी क्षमता के साथ सुरक्षा के इस दायित्व को पूर्ण गंभीरता और वीरता के साथ निभा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला सशक्तिकरण के सशक्त पक्षधर रहे हैं। उनके द्वारा इस दिशा में अनेकों योजनाएं संचालित की गईं हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में महिला थाने स्थापित किए गए हैं। महिला हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। साथ ही ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गईं हैं। थानों में महिलाएं बिना किसी झिझक के एफआईआर लिखवा सकें, इस उद्देश्य से महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गईं हैं। महिला पुलिस कर्मियों द्वारा अपना यह दायित्व निभाया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने कहा कि महिला सुरक्षा मुख्यमंत्री चौहान की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। प्रदेश में कई नवाचार हुए हैं, जिनमें प्रत्येक जिले में महिला थाने की स्थापना, 700 थानों में ऊर्जा महिला डेस्क की स्थापना, पुलिस इकाइयों में झूलाघर की स्थापना, 1090 महिला हेल्प लाइन स्थापित करना, गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं को खोजने के लिए ऑपरेशन मुस्कान तथा ऑपरेशन हेल्पिंग हेंड आरंभ करना सम्मिलित हैं।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.