/newsnation/media/post_attachments/images/2019/12/07/himanta-viswa-sharma-32.jpg)
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा( Photo Credit : न्यूज नेशन)
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ मिजोरम पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. दरअसल, मिजोरम पुलिस (Mizoram Police) ने कोलासिब जिले के वैरेंगते नगर के बाहरी हिस्से में हुई हिंसा के मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा (Himanta Biswa Sarma), राज्य पुलिस के चार वरिष्ठ अधिकारियों और दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं. मिजोरम के पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) जॉन एन ने कहा कि सीमांत नगर के पास मिजोरम और असम पुलिस बल के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद सोमवार देर रात को राज्य पुलिस द्वारा वैरेंगते थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. मिजोरम के पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) जॉन एन ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास और आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि असम पुलिस के 200 अज्ञात कर्मियों के खिलाफ भी मामले दर्ज किये गए हैं. दोनों राज्यों में दशकों से सीमा को लेकर मतभेद रहे हैं, लेकिन इस हफ्ते भड़के विवाद ने नया रूप ले लिया है. सोमवार को इन दोनों जिलों के बीच सीमावर्ती इलाके में हिंसा भड़क गई, जिसमें असम के छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है.
हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की गई अपील के बाद अब हिंसा प्रभावित इलाकों में एक असहज शांति बनी हुई है. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने इन क्षेत्रों में अपनी तैनाती बढ़ा दी है, जिसमें असम और मिजोरम के पुलिस बलों के बीच केंद्रीय बलों की पांच कंपनियां (कुल 500 सैनिक) खड़ी हैं.
Source : News Nation Bureau
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us