logo-image

तुष्टीकरण की राजनीति के लिए जिन्ना का जपा जा रहा नाम - अनुराग ठाकुर

तुष्टीकरण की राजनीति के लिए जिन्ना का जपा जा रहा नाम - अनुराग ठाकुर

Updated on: 11 Nov 2021, 08:50 PM

मेरठ:

केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए हमला बोला और कहा कि यूपी में चुनाव आते ही कुछ राजनीतिक दल जो साढ़े चार वर्षों से घरों में बैठे थे, उन्हें अब चुनाव के समय जिन्ना का नाम जपने की याद आ रही है।

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर मेरठ में 17 पैरालंपिक विजेताओं का सम्मान करने मेरठ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो नेता पिछले साढ़े चार साल घरों में बैठे थे। अब वह चुनाव के समय घर से निकल कर तुष्टीकरण की राजनीति के लिए जिन्ना का नाम जप रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ कते हुए ठाकुर ने कहा कि जब पूरे विश्व में महंगाई बढ़ी हुई है, तब महंगाई पर लगाम लगाने के लिए मोदी सरकार ने कदम उठाए हैं।

केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल व डीजल की कीमत कम किए जाने पर कहा कि महंगाई को काबू में करने के लिए इनके दामों में से टैक्स की कटौती की गई। खाद्य पदार्थों के दाम भी कम किए गए।

ठाकुर ने कहा कि मेरठ मैं कई बार आया, लेकिन पहले जो डर का एक माहौल था, उस डर को मुख्यमंत्री योगी ने खत्म करने का काम किया है। 2012 तक हमारे खिलाड़ियों ने पैराओलंपिक में 12 मेडल जीते थे क्योंकि उन्हें सुविधा नहीं मिलती थी, लेकिन इस बार हमारे पैरा खिलाड़ियों ने 19 मेडल जीतकर दिखा दिया कि वह कोई भी मुकाम हासिल कर सकते हैं। आज मेरठ में खेल यूनिवर्सिटी बन रही है, जो मेरठ केवल खेल उपकरण के लिए जाना जाता था उसे एक नई पहचान मिल रही है।

मंत्री ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों ने हजारों किलोमीटर दूर जाकर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया। मेरठ खेलों का सामान बनाने के लिए जाना जाता है। सात खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के पश्चिम इलाके से हैं। खेल विवि की घोषणा मेरठ में करके सराहनीय कार्य किया गया है।

बोले, यहां खेल उत्पाद प्रदर्शनी में सभी कंपनियों के उत्पाद लगे हैं। ये आत्मनिर्भर भारत है। मेरठ आगे जाने के लिए तैयार है।

कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री खेलों को रोकते थे। हम खेलों को आगे बढ़ाने वाले हैं। मेरठ में जब खेल विवि बनेगा तो उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के लिए सुविधा दी जाएगी। खेल विवि देश के लिए वरदान साबित होगा।

भाजपा के केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी खिलाड़ियों का सम्मान नहीं हुआ। आज दूसरे प्रदेशों के खिलाड़ियों का सम्मान किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश भी आगे खेलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सलावा गांव में खेल विवि देने की घोषणा की गई है। बहुत जल्द इस पर कार्य शुरू होगा। कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश हरियाणा को टक्कर देगा।

सामाजिक न्याय आधिकारिता केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का खिलाड़ियों को सम्मानित करने का सराहनीय कदम है। ये कार्य हमेशा के लिए इंगित रहेगा। हमारे देशभर के दिव्यांग खिलाड़ियों के मन में आत्मविश्वास बढ़ा है। हमने ट्रेनिंग की सुविधा बढ़ाई। पिछली बार चार मेडल आये। इस बार 19 पैरालंपिक मेडल आये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान दिया है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.