पंजाब में 10 साल के बाद कांग्रेस की शानदार जीत के बाद पार्टी अध्यश्र कैप्टन अमरिंदर सिंह को औपचारिक तौर पर पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। अमरिंदर सिंह पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनोर से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
अमरिंदर ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से कहा, 'हमने अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया है। शपथ ग्रहण 16 मार्च को होगा।'
अमरिंदर दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह 2002 से 2007 तक मुख्यमंत्री रहे थे।
अमरिंदर ने कहा कि उनके साथ कुछ कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे, लेकिन उन्होंने इस बारे में कोई ब्यौरा नहीं दिया।
नवनिर्वाचित विधायकों ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए यहां रविवार को बैठक की। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को नए नेता पर निर्णय के लिए अधिकृत किया गया। इसके बाद पार्टी महासचिव आशा कुमारी ने इस बारे में राहुल को फोन पर जानकारी दी।
ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा सरकार बनती है बहुमत से लेकिन चलती है सर्वमत से, जानिए भाषण की 10 बड़ी बातें
आशा कुमारी ने बाद में विधायकों को सूचित किया कि राहुल गांधी ने अमरिंदर सिंह का नाम विधायक दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया है, और इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने एक मत से हाथ उठाकर अमरिंदर को अपना नेता चुन लिया।
इसके पहले पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। बादल की पार्टी शिरोमणि अकाली दल पिछले 10 सालों से बीजेपी के सहयोग से सत्ता में थी। लेकिन इस चुनाव में इस गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है।
ये भी पढ़ें: राजनाथ सिंह सुकमा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों की याद में होली नहीं मनाएगें
राज्यपाल ने नई सरकार बनने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का बादल से आग्रह किया।
Source : IANS