logo-image

आम आदमी पार्टी ने जारी किया पंजाब विधानसभा चुनाव का थीम सॉन्ग

आम आदमी पार्टी ने जारी किया पंजाब विधानसभा चुनाव का थीम सॉन्ग

Updated on: 10 Jan 2022, 12:40 AM

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपना थीम सॉन्ग जारी किया है। तीन मिनट से कुछ अधिक समय के इस थीम सॉन्ग में मुख्य रूप से अरविंद केजरीवाल की छवि पर ही जोर दिया गया है। थीम सॉन्ग की शुरुआत भी अरविंद केजरीवाल से ही होती है। इसमें केजरीवाल को एक आम आदमी की तरह पेश किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के द्वारा किए गए आंदोलन के ²श्य भी पंजाब विधानसभा के थीम सॉन्ग में दर्शाए गए हैं।

पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए तैयार किए गए अपने थीम सॉन्ग में आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के भाषण के भी कुछ हिस्से रखे हैं। इसके अलावा पंजाब के खेत खलियान, युवाओं एवं किसानों को भी थीम सॉन्ग में दिखाया गया है। रविवार को आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने इस थीम सॉन्ग को सार्वजनिक किया।

रविवार को ही आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपनी 9वीं सूची जारी की है। आम आदमी पार्टी ने इस सूची में 5 और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। जिन पांच उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है, उनमें दिनेश ढल, जगतार सिंह, हरदीप सिंह, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और अमित रत्न शामिल हैं।

आम आदमी पार्टी द्वारा जारी की गई सूची के मुताबिक, पंजाब के जालंधर नॉर्थ विधानसभा सीट से दिनेश ढल को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। वही बठिंडा ग्रामीण विधानसभा से अमित रतन आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव मैदान में होंगे। पंजाब के मोगा से डॉक्टर अमनदीप कौर अरोड़ा आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार है। साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र से हरदीप सिंह और समराला से जगतार सिंह को टिकट दिया गया है।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के मुखिया एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वो अगले 1 महीने तक सभी कामों से छुट्टी लेकर चुनाव प्रचार में जुट जाएं। केजरीवाल ने कहा कि हर चुनावी राज्य में प्रत्येक बूथ पर हमें कम से कम 10 कार्यकर्ताओं की टीम बनानी है।

अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव प्रचार में सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस बार डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होने वाली है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सोशल मीडिया के इस्तेमाल में मास्टर है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहते हैं, अब समय आ गया है कि हम लोग अपनी इस ताकत का इस्तेमाल करें। हम लोग सोशल मीडिया के माध्यम से हर वोटर हर घर तक पहुंचना है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.