/newsnation/media/media_files/IHgro0xfcwgxnCDiPP7Y.jpg)
वेदर रिपोर्ट (ANI)
देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. बीते 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम ने अलग-अलग रूप दिखाए. पंजाब और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. खासतौर पर अमृतसर में दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा. वाहन चालकों को हेडलाइट्स का सहारा लेकर धीरे-धीरे सफर करना पड़ा. वहीं हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलों के साथ बारिश हुई.
इससे फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है. कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी देखी गई. मैदानी इलाकों में अमृतसर 8.7°C के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा. दूसरी ओर पुनालुर में अधिकतम तापमान 36.2°C दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा.
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण कई क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. वहीं केरल और तमिलनाडु में 21 और 22 फरवरी को बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच बर्फबारी या हल्की बारिश के आसार हैं.
इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. मध्य भारत में भी मौसम करवट ले सकता है. मध्य प्रदेश में आज बारिश की संभावना है, जबकि ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 23 और 24 फरवरी को मौसम खराब रह सकता है.
उत्तर भारत में बढ़ेगा तापमान
उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में अब ठंड धीरे-धीरे विदा होती नजर आ रही है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अगले सात दिनों के दौरान दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. वहीं रात के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है. गुजरात और महाराष्ट्र में भी गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं की तीव्रता कम होगी, जिससे तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
मछुआरों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों को 19 से 24 फरवरी के दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी है. विशेष रूप से श्रीलंका तट और अंडमान सागर के आसपास समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं. हालांकि अरब सागर की ओर जाने वाले मछुआरों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें- जिनेवा में बैठक के बाद रूस पर भड़के जेलेंस्की, बोले- जंग को खत्म करने के लिए बकवास करने की जरूरत नहीं
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us