मार्च में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी! कल कई राज्यों में पहुंच सकता है 40 डिग्री के करीब पारा; हीटवेव का अलर्ट

Kal Ka Mausam: भारत में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी तेज हो गई है। कई राज्यों में तापमान 35-40 डिग्री तक पहुंच रहा है. मौसम विभाग ने जल्द ही हीटवेव की चेतावनी दी है.

Kal Ka Mausam: भारत में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी तेज हो गई है। कई राज्यों में तापमान 35-40 डिग्री तक पहुंच रहा है. मौसम विभाग ने जल्द ही हीटवेव की चेतावनी दी है.

author-image
Yashodhan Sharma
New Update
Heat Wave Alert

सांकेतिक तस्वीर Photograph: (File Photo)

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है. कई जगहों पर तापमान अप्रैल-मई जैसा महसूस होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार इस बार मार्च का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रह सकता है और जल्द ही कई राज्यों में लू (हीटवेव) चलने की संभावना है. इसलिए लोगों को अभी से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.

Advertisment

यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में बढ़ रहा तापमान

उत्तर भारत के कई राज्यों जैसे राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में तापमान लगातार बढ़ रहा है. इन राज्यों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म महसूस हो रही हैं. कई शहरों में लोगों ने अभी से पंखे और कूलर का इस्तेमाल शुरू कर दिया है.

मंगलवार को बड़े शहरों का तापमान 

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली17°C35°C
जयपुर19°C36°C
चंडीगढ़19°C33°C
भोपाल21°C35°C
मुंबई26°C34°C
कोलकाता23°C31°C
चेन्नई24°C29°C
हैदराबाद21°C33°C
रांची19°C32°C
लखनऊ22°C34°C
पटना23°C32°C
देहरादून16°C27°C
शिमला13°C26°C
कश्मीर8°C17°C

क्या कहता है मौसम विभाग

हालांकि, कुछ जगहों पर मौसम में बदलाव भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है. इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इससे वहां ठंड का असर महसूस हो सकता है, लेकिन मैदानी इलाकों में मौसम ज्यादातर साफ रहेगा और गर्मी जारी रहेगी.

बिहार में वज्रपात का अलर्ट

बिहार में अगले दो दिनों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. सीमांचल क्षेत्र के पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और आसपास के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सीतामढ़ी, मधुबनी, भागलपुर और कई अन्य जिलों में बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान बिजली गिरने का भी खतरा है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

यूपी के इन जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है. कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है. आगरा में तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो हीटवेव की स्थिति के करीब है. हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. इससे थोड़ी राहत मिल सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में 200 के आसपास AQI दर्ज

दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है. यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री ज्यादा यानी करीब 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम साफ रहने की संभावना है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है. हालांकि तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है और AQI लगभग 200 के आसपास दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है.

राजस्थान में क्या होने वाला है हाल

राजस्थान में गर्मी सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है. झुंझुनू जिले के पिलानी में तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय देश के सबसे गर्म स्थानों में से एक है. बाड़मेर में भी तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य में गर्मी और बढ़ सकती है.

पंजाब-हरियाणा में भी तापमान बढ़ने के आसार

पंजाब और हरियाणा में भी तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा चल रहा है. हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है. आने वाले दिनों में यहां भी तापमान बढ़ने की संभावना है.

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अनुमान

पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 9 से 11 मार्च के बीच तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का अनुमान है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा.

यहां बढ़ सकता हीटस्ट्रोक का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो जाता है और यह सामान्य से करीब 4.5 डिग्री ज्यादा रहता है, तब उसे हीटवेव माना जाता है. इस दौरान शरीर में पानी की कमी, हीट क्रैम्प्स और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए लोगों को ज्यादा धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें: Delhi NCR Weather Updates: मौसम विभाग की चेतावनी! इस दिन से दिल्ली-एनसीआर में छाएंगे काले बादल, होगी झमाइम बारिश 

Kal Ka Mausam
Advertisment