/newsnation/media/media_files/2026/02/26/kal-ka-mausam-2026-02-26-19-34-07.jpg)
कल का मौसम Photograph: (ani)
दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का रुख बदल गया है. सुबह से शाम तक लोगों को गर्मी महसूस हो रही है और रात में भी ठंड का असर कम हो गया है. कुछ इलाकों में पंखे चलने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी को दिल्ली-नोएडा में आसमान साफ रहेगा. हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध छा सकती है. राजधानी में अधिकतम तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है.
यूपी में 3-5 डिग्री तक बढ़ सकता है पारा
उत्तर प्रदेश में भी तापमान में बढ़ने के संकेत हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. अगले सात दिनों में कई जिलों में अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगेगी. विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के समय धूप तेज होगी और रात के तापमान में भी गिरावट की संभावना कम है.
पंजाब में घने कोहरे का अलर्ट
पंजबा में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 27 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है. सुबह के समय दृश्यता कम होने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. लोगों को सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में 27 फरवरी से मौसम बिगड़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मनाली के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसी तरह उत्तराखंड में भी 27 फरवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. विभाग के अनुसार 2 से 4 मार्च के बीच कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है.
राजस्थान में शुष्क मौसम
राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है. सीमावर्ती बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होती रहेगी. जयपुर में 27 फरवरी को आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलने की संभावना है.
बदलते मौसम में सतर्क रहने की जरूरत
देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह के मौसमीय बदलाव देखने को मिल रहे हैं. जहां मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- Income Tax New Rules: अब HRA क्लेम करना पहले से जैसा नहीं होगा आसान, जाने किन बातों को बताना होगा जरूरी
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us