/newsnation/media/media_files/thumbnails/20240214113-801724.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात के मद्देनजर अबू धाबी में बीएपीएस हिंदू मंदिर ने एक बार फिर से नोटिस जारी किया है। बीएपीएस ने वहां आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए मंदिर को बंद कर दिया है।
मंदिर ने इससे पहले एडवाइजरी जारी कर 9 मार्च तक के लिए मंदिर बंद किया था। वहीं अब नए नोटिस में इसे बढ़ाकर अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीएपीएस ने लिखा, अभी के हालात को देखते हुए और राष्ट्रीय सुरक्षा एडवाइजरी के हिसाब से बीएपीएस हिंदू मंदिर अबू धाबी सावधानी के तौर पर अगली सूचना तक विजिटर्स के लिए बंद रहेगा। सभी भक्तों और विजिटरों की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
इस दौरान स्वामी मंदिर के अंदर शांति, सुरक्षा और सभी की भलाई के लिए प्रार्थना करते रहेंगे। हम सभी से गुजारिश करते हैं कि शांत रहें। अफवाहों से बचें और सरकारी चैनलों के जरिए शेयर की गई सुरक्षा गाइडलाइंस को फॉलो करें। दोबारा खुलने के बारे में आगे के अपडेट सही समय पर साझा किए जाएंगे। आइए हम विश्वास, जिम्मेदारी और भरोसे में एक रहें।
इससे पहले 2 मार्च को जारी नोटिस में मंदिर प्रशासन ने अपने फैसले में यह स्पष्ट किया था कि सभी भक्तों और आगंतुकों की सुरक्षा और कुशलक्षेम उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंदिर प्रबंधन की ओर से जारी आधिकारिक घोषणा में कहा गया कि इस अस्थायी बंद के दौरान मंदिर परिसर में स्वामीगण नियमित रूप से शांति, सुरक्षा और समस्त जनकल्याण के लिए प्रार्थनाएं करते रहेंगे, हालांकि आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीएपीएस हिंदू मंदिर ने एक पोस्टर शेयर करते हुए बताया, अभी के हालात को देखते हुए और नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजरी के हिसाब से बीएपीएस हिंदू मंदिर, अबू धाबी 9 मार्च तक विजिटर्स के लिए बंद रहेगा। सभी भक्तों और विजिटर्स की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
पोस्ट में आगे बताया गया कि इस दौरान स्वामी मंदिर के अंदर शांति, सुरक्षा और सभी की भलाई के लिए प्रार्थना करते रहेंगे। हम सभी से विनम्रतापूर्वक गुजारिश करते हैं कि शांत रहें। अफवाहों से बचें। जहां सलाह दी जाए, वहां घर के अंदर रहें और सरकारी चैनलों के जरिए शेयर की गई सुरक्षा गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर बड़े हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए और बहरीन, कुवैत व कतर में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया।
--आईएएनएस
केके/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us