/newsnation/media/media_files/thumbnails/202603013691903-639888.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव, नींद की कमी और चिड़चिड़ापन आम समस्या बन चुकी हैं। ऐसे में योग की कुछ मुद्राएं सेहत के लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं। हाथों की मुद्राएं शरीर और मन के संतुलन में अहम भूमिका निभाती हैं। इन्हीं में से एक है पूर्ण चंद्र मुद्रा, जिसे अंग्रेजी में फुल मून जेस्चर कहा जाता है। यह मुद्रा मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करती है।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, पूर्ण चंद्र मुद्रा का नियमित अभ्यास मन की बेचैनी को कम करने में मदद करता है। जब व्यक्ति तनाव, गुस्सा या चिंता महसूस करता है, तो उसका शरीर फाइट मोड में चला जाता है। यह मुद्रा शरीर को धीरे-धीरे रेस्ट एंड डाइजेस्ट यानी आराम और पाचन की अवस्था में लाने में सहयोग करती है। इससे दिल की धड़कन सामान्य होती है, और मन शांत होता है।
यह मुद्रा एकाग्रता और निर्णय क्षमता को भी बेहतर करने में सहायक मानी जाती है। जब मन शांत होता है, तो सोच साफ होती है। छात्र हों या कामकाजी लोग, सभी के लिए यह लाभकारी हो सकती है। अभ्यास के दौरान ली गई गहरी सांस ध्यान केंद्रित करने में मदद करती है। इससे रचनात्मकता बढ़ती है और सही निर्णय लेने की क्षमता में सुधार होता है।
पूर्ण चंद्र मुद्रा के नियमित अभ्यास से थकान कम महसूस होती है और शरीर हल्का लगता है। यह मुद्रा किसी भी अवस्था में की जा सकती है, जैसे कुर्सी पर बैठकर या आराम से लेटकर भी।
डेस्क जॉब करने वाले लोगों के लिए भी यह फायदेमंद मानी जाती है। लंबे समय तक स्क्रीन पर काम करने से मानसिक थकान और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। ऐसे में कुछ मिनट इस मुद्रा के साथ आंखें बंद करके गहरी सांस लेना मन को रीफ्रेश करता है।
हालांकि आयुष मंत्रालय का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति किसी भी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है, तो इस मुद्रा का अभ्यास करने से पहले चिकित्सा परामर्श जरूरी है।
--आईएएनएस
पीके/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us