अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : खुद के स्वास्थ्य को दें प्राथमिकता, योग, आहार व पर्याप्त नींद से बनेगी बात

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : खुद के स्वास्थ्य को दें प्राथमिकता, योग, आहार व पर्याप्त नींद से बनेगी बात

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : खुद के स्वास्थ्य को दें प्राथमिकता, योग, आहार व पर्याप्त नींद से बनेगी बात

author-image
IANS
New Update
Womens day 2026, Health tips for women

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। कहते हैं कि एक महिला अपने परिवार के साथ ही ऑफिस और बाहर के काम को भी संभालती है। कई जिम्मेदारियों के बीच अक्सर सेहत को लेकर अनदेखी हो जाती है, जो सही नहीं है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य को सबसे पहले रखने की अपील की है।

Advertisment

मंत्रालय का कहना है कि एक स्वस्थ और मजबूत महिला ही मजबूत परिवार और समाज की नींव होती है। इसलिए महिलाओं को अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। स्वस्थ महिला ही मजबूत समाज की पहचान है। महिलाओं को अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ खुद का भी ख्याल रखना चाहिए। ये छोटे-छोटे कदम लंबे समय में बड़े बदलाव ला सकते हैं।

विशेषज्ञों ने इस खास दिन पर कुछ आसान लेकिन प्रभावी सुझाव दिए हैं, जिन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में अपनाकर महिलाएं खुद को स्वस्थ व एनर्जी से भरपूर रख सकती हैं। इसके लिए दिनचर्या में सबसे पहले योग या प्राणायाम को शामिल करें। योग और प्राणायाम मन व शरीर दोनों को मजबूत बनाते हैं। इससे तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और शरीर लचीला रहता है। सुबह सिर्फ 20-30 मिनट का अभ्यास भी बहुत फायदा देता है।

संतुलित आहार अपनाएं, इसके लिए मौसमी फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और दालें खाएं। आयुर्वेदिक पेय जैसे तुलसी की चाय, अदरक-हल्दी वाला दूध या आंवला जूस का रोजाना सेवन करें। ये इम्युनिटी बढ़ाते हैं और शरीर को पोषण देते हैं।

सेहतमंद रहने के लिए पर्याप्त पानी पिएं। हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, दिनभर में 8 से 10 गिलास पानी पीना जरूरी है। अच्छा हाइड्रेशन त्वचा को चमकदार रखता है, पाचन ठीक करता है और इम्युनिटी को मजबूत बनाता है।

शारीरिक के साथ ही मानसिक रूप से सेहतमंद रहने के लिए अच्छी नींद बेहद जरूरी है। रोजाना 7 से 8 घंटे की गहरी नींद बहुत जरूरी है। अच्छी नींद से शरीर की मरम्मत होती है, थकान दूर होती है और अगले दिन नई ऊर्जा मिलती है।

साथ ही छोटी-छोटी खुशियों के लिए पल निकालें। खुद के लिए समय निकालना भी स्वास्थ्य का हिस्सा है। किताबें पढ़ना, संगीत सुनना, दोस्तों से बात करना या पसंदीदा काम करना ये छोटी खुशियां मन को तरोताजा रखती हैं।

--आईएएनएस

एमटी/पीयूष

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Advertisment