'शोर थमने पर दो स्वाभाविक साझेदार साथ आते हैं': भारत-अमेरिका ट्रेड डील से उद्योगपतियों के चेहरे पर खुशी

'शोर थमने पर दो स्वाभाविक साझेदार साथ आते हैं': भारत-अमेरिका ट्रेड डील से उद्योगपतियों के चेहरे पर खुशी

'शोर थमने पर दो स्वाभाविक साझेदार साथ आते हैं': भारत-अमेरिका ट्रेड डील से उद्योगपतियों के चेहरे पर खुशी

author-image
IANS
New Update
New Delhi: Piyush Goyal Meets US Senator and Ambassador

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। देश के बड़े उद्योगपतियों ने भारत-अमेरिका के ऐतिहासिक व्यापार समझौते का स्वागत किया है। उनका कहना है कि भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करने से दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक रिश्ते और मजबूत होंगे।

Advertisment

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, धीरे लेकिन सही तरीके से आगे बढ़ने के फायदे फिर से सामने आए हैं।

उन्होंने कहा, जब शोर-शराबा खत्म होता है, तो दो स्वाभाविक साझेदार एक साथ आते हैं।

वहीं, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस व्यापार समझौते के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि टैरिफ में कमी से दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक रिश्ते मजबूत होंगे और निवेश व सहयोग के नए मौके मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका समूह अमेरिका में अपनी मौजूदगी और निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां नवाचार और विकास की बड़ी संभावनाएं हैं।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आशीष कुमार चौहान ने इसे कारोबार, सप्लाई चेन और दोनों देशों की साझेदारी के लिए बड़ी जीत बताया।

उन्होंने कहा कि यह वैश्विक व्यापार के लिए एक स्वागतयोग्य कदम है। अमेरिका और भारत के नेताओं की बातचीत के बाद भारतीय सामानों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो गया, जो कारोबार और साझेदारी के लिए बहुत फायदेमंद है।

इसके अलावा, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर महिंद्रा ग्रुप के ग्रुप सीईओ और प्रबंध निदेशक डॉ. अनीश शाह ने कहा, महिंद्रा ग्रुप भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का स्वागत करता है, जो द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारतीय निर्यात पर पारस्परिक शुल्क को तत्काल 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने के साथ-साथ शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को धीरे-धीरे कम करने की प्रतिबद्धता से विकास की गति को बढ़ावा मिलेगा और व्यवसायों को आत्मविश्वास के साथ निवेश करने के लिए आवश्यक पूर्वानुमान में सुधार होगा।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत विकास गति को देखते हुए यह समझौता भारत की विकास महत्वाकांक्षाओं को सार्थक गति प्रदान करता है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर अमेरिका में सिर्फ 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पुष्टि की कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो गया है।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बात करना शानदार रहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र और बड़ी अर्थव्यवस्थाएं साथ काम करती हैं, तो इससे दोनों देशों के लोगों को फायदा होता है और आपसी सहयोग के बड़े मौके खुलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की भूमिका अहम है और भारत उनके शांति प्रयासों का समर्थन करता है।

--आईएएनएस

डीबीपी/

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Advertisment