/newsnation/media/media_files/thumbnails/2e68418363425c9ab5b242ddfdfec0bc-903288.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
कोलकाता, 17 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की खराब सेहत की खबरों पर चिंता जताते हुए पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा और सम्मान मिलना चाहिए।
मीडिया से बातचीत में गांगुली ने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी सेहत में सुधार हो और उन्हें सही इलाज मिले। उन्होंने पाकिस्तान को विश्व मंच पर पहचान दिलाई, पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में और फिर प्रधानमंत्री के तौर पर। इसलिए मुझे यकीन है कि उनका ध्यान रखा जाना चाहिए और उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।”
इससे पहले सुनील गावस्कर, कपिल देव समेत 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान के बेहतर इलाज और मानवीय व्यवहार की अपील की थी।
एक पन्ने के संयुक्त बयान में इन पूर्व कप्तानों ने 1992 विश्व कप विजेता कप्तान के लिए चिकित्सा, कानूनी और मानवीय सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान 2023 से जेल में हैं और उनकी सेहत को लेकर हाल में गंभीर चिंताएं सामने आई हैं, जिनमें उनकी दृष्टि कमजोर होने की खबरें भी शामिल हैं।
पूर्व कप्तानों ने अपने बयान में कहा कि इमरान खान को “योग्य विशेषज्ञों से तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा” दी जानी चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हिरासत की मानवीय और सम्मानजनक परिस्थितियां सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिनमें परिवार से नियमित मुलाकात की अनुमति भी शामिल हो।
बयान में कहा गया, “हाल में उनकी सेहत, खासकर हिरासत के दौरान दृष्टि में आई गंभीर गिरावट को लेकर आई खबरों ने हमें गहरी चिंता में डाल दिया है।”
पूर्व कप्तानों ने लिखा, “हम क्रिकेटर होने के नाते निष्पक्ष खेल, सम्मान और गरिमा के मूल्यों को समझते हैं। इमरान खान जैसे कद के व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने 1992 क्रिकेट विश्व कप में पाकिस्तान को ऐतिहासिक जीत दिलाई, जो कौशल, नेतृत्व और खेल भावना का प्रतीक थी।”
बयान में यह भी कहा गया कि राजनीतिक मतभेदों से परे, इमरान खान अपने देश के लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री रहे हैं और एक वैश्विक खेल आइकन के रूप में उनकी विरासत निर्विवाद है।
पूर्व कप्तानों में ग्रेग चैपल, माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गॉवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट भी शामिल हैं।
संयुक्त अपील के अंत में कहा गया, “क्रिकेट हमेशा देशों के बीच सेतु का काम करता रहा है। मैदान पर प्रतिस्पर्धा खत्म होने के बाद सम्मान कायम रहता है। हम संबंधित अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वे शालीनता और न्याय के सिद्धांतों का पालन करें।”
--आईएएनएस
डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us