/newsnation/media/media_files/thumbnails/20260102109f-732500.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
न्यूयॉर्क, 8 मार्च (आईएएनएस)। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के आवास के बाहर इस्लाम विरोधी प्रदर्शन के दौरान बोल्ट और स्क्रू से भरे धुआं छोड़ने वाला प्रोजेक्टाइल फेंकने के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। न्यूयॉर्क पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को स्थानीय समयानुसार यह तनाव उस समय बढ़ गया, जब दक्षिणपंथी कार्यकर्ता जेक लैंग के नेतृत्व में एक प्रदर्शन हुआ, हालांकि इस दौरान मेयर ममदानी और उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थे। मेयर के एक प्रवक्ता ने इस घटना को इस्लामोफोबिक और बहुत ज्यादा आपत्तिजनक बताया।
जेक लैंग ने “न्यूयॉर्क शहर पर इस्लामिक कब्जा रोकें” के बैनर तले विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिससे समर्थकों का एक छोटा समूह इस इलाके में इकट्ठा हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विरोध प्रदर्शन में लगभग 20 लोग शामिल हुए, जिनमें से कई ने अमेरिकी झंडे वाली टोपियां और “फ्रीडम” लिखा स्वेटशर्ट पहना हुआ था, जो कंजर्वेटिव कार्यकर्ता चार्ली किर्क से जुड़ा एक नारा है।
चार्ली किर्की की पिछले साल एक कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जैसे-जैसे प्रदर्शन आगे बढ़ा, 100 से ज्यादा काउंटर प्रोटेस्टर पास में जमा हो गए, नारे लगाने लगे। हालात तेजी से बिगड़ते चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिंसा की शुरुआत तब हुई जब लैंग के एक समर्थक ने काउंटर-प्रदर्शनकारियों पर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे कई लोगों की आंखों में जलन और आंसू आने लगे। इसके बाद भीड़ में धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने एक-दूसरे पर अंडे भी फेंके।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब एक प्रदर्शनकारी ने कथित तौर पर दो धुआं छोड़ने वाले उपकरण फेंक दिए। इनमें से एक उपकरण ईस्ट 87वीं स्ट्रीट पर गिरा और कुछ समय के लिए उसमें आग भी लग गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने कहा कि ये डिवाइस टेप में लिपटे जार जैसे लग रहे थे और उनमें नट, बोल्ट और स्क्रू जैसी चीजें भरी हुई थीं। साथ ही, उन्होंने इसे हॉबी फ्यूज बताया।
अधिकारियों ने कहा कि हर डिवाइस फुटबॉल से थोड़ी छोटी थी। बम स्क्वाड स्पेशलिस्ट को चीजों की जांच करने और यह पता लगाने के लिए भेजा गया कि वे असली एक्सप्लोसिव थे या नकली डिवाइस।
पुलिस ने कन्फर्म किया कि अशांति के बाद छह लोगों को कस्टडी में लिया गया। गिरफ्तार लोगों में 18 वर्षीय अमीर बालात शामिल है, जिस पर उपकरण फेंकने का आरोप है और 19 वर्षीय इब्राहिम निक, जिस पर इनमें से एक उपकरण उपलब्ध कराने का आरोप है।
इसके अलावा 21 वर्षीय इयान मैकगिनिस को भी हिरासत में लिया गया, जिस पर प्रदर्शनकारियों पर पेपर स्प्रे इस्तेमाल करने का आरोप है। अधिकारियों के अनुसार बालात और निक के खिलाफ सटीक आरोप अभी तय किए जा रहे हैं, जबकि मैकगिनिस पर लापरवाही से खतरा पैदा करने का मामला दर्ज होने की संभावना है।
घटना के बाद भी इलाके में तनाव बना रहा। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे, ढोल बजाते रहे और एक-दूसरे पर खाद्य सामग्री समेत कई चीजें फेंकते रहे। इस दौरान आसपास के निवासी और राहगीर स्थिति से अनजान होकर नजदीकी दुकानों में शरण लेने को मजबूर हो गए।
यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका में राजनीतिक तनाव का माहौल बना हुआ है और हाल के महीनों में कई शहरों में प्रदर्शन और काउंटर-प्रदर्शन टकराव में बदलते नजर आए हैं।
--आईएएनएस
केके/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us