काबुल-इस्लामाबाद तनाव के बीच तालिबान का बड़ा दावा, पाकिस्तान पर क्षेत्र अस्थिर करने का आरोप

काबुल-इस्लामाबाद तनाव के बीच तालिबान का बड़ा दावा, पाकिस्तान पर क्षेत्र अस्थिर करने का आरोप

काबुल-इस्लामाबाद तनाव के बीच तालिबान का बड़ा दावा, पाकिस्तान पर क्षेत्र अस्थिर करने का आरोप

author-image
IANS
New Update
Taliban spokesman Zabihullah Mujahid speaks during a press conference in Kabul, Afghanistan, on Sept. 7, 2021,

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

काबुल, 27 फरवरी (आईएएनएस)। काबुल और इस्लामाबाद में जारी तनाव के बीच तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक और बड़ा दावा किया। स्‍थानीय मीड‍िया के अनुसार, जबीहुल्लाह ने आरोप लगाया क‍ि पाक‍िस्‍तान में एक व‍िशेष गुट इलाके को अस्‍थ‍िर करने में लगा हुआ है।

Advertisment

अफगानिस्तान के एरियाना न्यूज के अनुसार, शुक्रवार को कंधार में एक प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुजाहिद ने देशों से उपद्रव फैलाने वालों को रोकने की अपील की। ​​उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की एयर फोर्स ने पाकिस्तान के सैन्‍य केंद्रों को निशाना बनाया है।

उनसे पूछा गया कि अगर अन्‍य देश लड़ाई रोकने की मांग करते हैं तो तालिबान का क्या रुख होगा। इस पर उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान मुद्दों का शांतिपूर्ण हल चाहता है और पाकिस्तान के साथ कई दौर की बातचीत कर चुका है, लेक‍िन इस्लामाबाद बातचीत के जरिए मुद्दों को हल करने को तैयार नहीं था।

मुजाहिद ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान लगातार जंग के बहाने तलाशने की कोशिश करता है और अपने अंदरूनी मुद्दों को अफगानिस्तान से जोड़ता है। उन्‍होंने कहा क‍ि पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट अभी भी अफगानिस्तान के एयरस्पेस में उड़ रहे थे।

पाकिस्तान ने गुरुवार रात अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों में हवाई हमले क‍िए।

एरियाना न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल, पक्तिया और कंधार के कई इलाकों में बमबारी की। लड़ाई के दौरान 13 अफगान सैनिक मारे गए और 22 अन्य घायल हो गए।

इससे पहले दिन में तालिबान के उप-प्रवक्ता हम्दुल्लाह फितरत ने कहा कि अफगान वायुसेना ने इस्लामाबाद, नौशेरा, जमरूद और एबटाबाद में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। उन्‍होंने कहा कि ये हमले पिछली रात काबुल, कंधार और पक्तिया में पाकिस्तानी सेना को जवाब देते हुए किए गए।

फितरत ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर शेयर किया, “राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय की वायुसेना ने आज लगभग सुबह 11 बजे पाकिस्तान के इस्लामाबाद में फैज़ाबाद शहर के पास एक सैन्य शिविर, नौशेरा में सेना की छावनी, जमरूद सैन्य कॉलोनी और एबटाबाद पर हवाई हमले किए।”

अफगान राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश की सेनाओं ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर जवाबी हमले किए, जिनमें कम से कम 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और दो सैन्य अड्डों के साथ 19 चौकियां कब्जे में ले ली गईं।

इसके अलावा, इस अभियान के दौरान आठ अफगान सैनिक मारे गए और 11 अन्य घायल हुए।

काबुल ने यह भी बताया कि अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में एक शरणार्थी शिविर पर पाकिस्तानी बलों की ओर से किए गए मिसाइल हमले में महिलाओं और बच्चों सहित 13 अफगान नागरिक घायल हुए।

--आईएएनएस

एवाई/डीएससी

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Advertisment