/newsnation/media/media_files/thumbnails/202602023659496-683558.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। भारत के स्मार्टफोन बाजार में वर्ष 2025 में संख्या (वॉल्यूम) के हिसाब से साल-दर-साल सिर्फ 1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, लेकिन कीमत (वैल्यू) के मामले में 8 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई। इससे साफ है कि लोग अब ज्यादा महंगे और प्रीमियम स्मार्टफोन खरीद रहे हैं।
काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में भेजे गए हर पांच में से एक स्मार्टफोन अब प्रीमियम सेगमेंट का है। इस दौरान एप्पल ने अपनी अब तक की सबसे ज्यादा वैल्यू शेयर दर्ज की।
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में वॉल्यूम के लिहाज से आईक्यूओओ (आइको) को छोड़कर वीवो 20 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ बाजार में सबसे आगे रहा। वहीं, एप्पल ने 28 प्रतिशत वैल्यू शेयर के साथ पहला स्थान हासिल किया और आईफोन 16 सबसे ज्यादा शिप होने वाला मॉडल बना।
वहीं सैमसंग वॉल्यूम के मामले में दूसरे नंबर पर रहा। कंपनी ने आम लोगों के लिए और प्रीमियम दोनों तरह के फोन पर ध्यान दिया। प्रीमियम फोन की बढ़ती मांग के कारण गैलेक्सी एस सीरीज की हिस्सेदारी सैमसंग के कुल शिपमेंट में अब तक सबसे ज्यादा रही।
2025 में मोटोरोला वॉल्यूम के हिसाब से सबसे तेजी से बढ़ने वाला ब्रांड रहा, जिसकी सालाना ग्रोथ 54 प्रतिशत रही। वहीं, सीएमएफ सबसे तेजी से बढ़ने वाला सब-ब्रांड रहा, जिसकी ग्रोथ 83 प्रतिशत दर्ज की गई।
काउंटरपॉइंट के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक ने कहा कि 2025 में भारत की आर्थिक स्थिति स्थिर और मजबूत रही। घरेलू मांग अच्छी रही, महंगाई काबू में रही और रेपो रेट में कटौती से लोगों के लिए खर्च करना आसान हुआ।
उन्होंने बताया कि कंपनियों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए अपने प्रीमियम फोन पोर्टफोलियो को मजबूत किया। बेहतर कैमरा, खासकर पोर्ट्रेट फोटोग्राफी और फ्लैगशिप जैसे फीचर्स पर जोर दिया गया। साथ ही आसान फाइनेंस विकल्पों से लोगों के लिए नए फोन लेना आसान हुआ।
साल 2025 में स्मार्टफोन बाजार की चाल मिली-जुली रही। साल की शुरुआत में ज्यादा स्टॉक और कम लॉन्च के कारण बिक्री धीमी रही। लेकिन दूसरी तिमाही से नए लॉन्च, आकर्षक ऑफर और त्योहारों के कारण मांग बढ़ी, जिससे तीसरी तिमाही में रिकॉर्ड वैल्यू दर्ज हुई।
30,000 रुपए से ज्यादा कीमत वाले प्रीमियम स्मार्टफोन 2025 में सबसे तेजी से बढ़ने वाले सेगमेंट रहे। इनकी बिक्री में सालाना 11 प्रतिशत की बढ़त हुई और कुल शिपमेंट में इनकी हिस्सेदारी 22 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
--आईएएनएस
डीबीपी/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us