/newsnation/media/media_files/thumbnails/20251225319-160734.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
ढाका, 14 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की 13वें संसदीय चुनाव में निर्णायक जीत के बाद पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान ने शनिवार को कहा कि देश में कानून-व्यवस्था “हर हाल में” बनाए रखना अनिवार्य है और सभी से सुरक्षित व मानवीय राष्ट्र निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
ढाका में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए रहमान ने कहा कि देश के पुनर्निर्माण में इस बार सभी को जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा, “हमें सुरक्षित और मानवीय बांग्लादेश बनाने के लिए सभी का सहयोग चाहिए। किसी भी बहाने से किसी के साथ अन्याय नहीं किया जा सकता। कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखनी होगी।”
रहमान, जो पूर्ण बहुमत मिलने के बाद बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी तरह की हिंसा, प्रतिशोध या उकसावे की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “मेरा रुख स्पष्ट है- शांति और व्यवस्था हर कीमत पर बनाए रखी जाएगी। किसी भी प्रकार का अन्याय या अवैध गतिविधि स्वीकार नहीं होगी। पार्टी, धर्म, रंग या अलग विचारधारा के आधार पर मजबूत द्वारा कमजोर पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।”
रहमान ने चुनाव परिणाम को “जनता की जीत” करार देते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता-प्रेमी लोगों ने बीएनपी को विजयी बनाया है।
12 फरवरी को हुए चुनाव में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतीं। चट्टोग्राम-2 और चट्टोग्राम-4 सहित दो निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम रोके गए हैं, जहां बीएनपी उम्मीदवार बढ़त पर बताए गए हैं। पार्टी के सहयोगियों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है।
दूसरी ओर, जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें हासिल कीं, जबकि जमात के नेतृत्व वाले 11-दलीय गठबंधन के सहयोगियों को नौ सीटें मिलीं। इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश (आईएबी) ने एक सीट जीती, जबकि सात निर्वाचन क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
करीब 35 वर्षों बाद बांग्लादेश को एक पुरुष प्रधानमंत्री मिलने जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार के सामने अशांति और बढ़ते इस्लामी कट्टरपंथ जैसी चुनौतियों से निपटना बड़ी प्राथमिकता होगी।
पिछले 18 महीनों तक रहे मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान देश में अस्थिरता और उग्रवाद के मामलों में वृद्धि देखी गई थी।
--आईएएनएस
डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us