/newsnation/media/media_files/thumbnails/20260307031f-816672.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे, जहां उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि 11वें रायसीना डायलॉग में शिरकत की। दिल्ली के बाद राष्ट्रपति स्टब महाराष्ट्र पहुंचे और उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार और फिनलैंड के बीच ससून डॉक्स फिशिंग हार्बर से संबंधित एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया।
राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के मुंबई दौरे के दौरान फिनलैंड के कॉन्सुलेट जनरल और महाराष्ट्र सरकार ने ससून डॉक्स फिशिंग हार्बर को मॉडर्न बनाने के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया।
महाराष्ट्र की तरफ से मंत्री नितेश राणे और फिनलैंड की तरफ से विदेश मंत्रालय के स्थायी राज्य सचिव जुक्का सलोवारा और कॉन्सुलेट जनरल एरिक एफ हॉलस्ट्रॉम मौजूद थे। यह एमओयू फिनलैंड की कंपनियों को ससून डॉक्स को वर्ल्ड-क्लास, साफ, कुशल और सस्टेनेबल हार्बर में बदलने के मौके देता है। फिनलैंड और महाराष्ट्र इस एमओयू का मकसद पूरा करने के लिए विकास की समीक्षा करने और नए मौके तलाशने में सहयोग करने पर सहमत हुए।
इससे पहले रायसीना डायलॉग में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति स्टब ने पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। फिर दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान दिया।
संयुक्त बयान के दौरान उन्होंने पीएम मोदी के कूटनीतिक कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा, भारत दुनिया के सबसे बड़े और सबसे प्रभावशाली देशों में से एक है और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। जैसा कि हमने देखा है, आप अब यूरोप के लिए एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार हैं। आप दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं, जिसे हम यहां हर दिन देख सकते हैं।
स्टब ने भारत की विदेश नीति को खूब सराहा। उन्होंने कहा, आपकी विदेश नीति की खूबी ये है कि आप कभी गलतफहमी में नहीं रहते। आपने हमेशा अपनी विदेश नीति को व्यावहारिक और यथार्थवादी दृष्टिकोण पर आधारित रखा है। आपने दुनिया को दिखाया है कि रणनीतिक सतर्कता और स्वायत्तता की रक्षा करना कितना महत्वपूर्ण है, साथ ही बहुपक्षवाद और वैश्विक सहयोग का समर्थन भी किया है। मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना ​​है कि दुनिया को थोड़ा और भारतीय बनना चाहिए।
उन्होंने बदलते दौर में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, दुनिया बदल रही है, हम ग्लोबल ऑर्डर में बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं और भारत, ग्लोबल साउथ में अपने दोस्तों के साथ मिलकर यह तय करेगा कि यह ऑर्डर किस दिशा में जाएगा। आज हमने इस इलाके में सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की। हमने रक्षा मामलों और संघर्षों, वेस्ट एशिया और यूक्रेन पर चर्चा की। हम इस बात पर सहमत हुए कि युद्ध खत्म करना सभी के हित में है। एक स्थायी शांति तभी हो सकती है जब संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों का सम्मान किया जाए।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us