/newsnation/media/media_files/thumbnails/202602263688044-724082.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर इजरायल में हैं। इजरायल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने पीएम मोदी का स्वागत किया। वहीं, नेतन्याहू ने पीएम मोदी के लिए रात्रि भोज भी होस्ट किया, जहां उन्होंने भारतीय परिधान पहनकर सबको चौंका दिया।
नेतन्याहू ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी। इजरायली पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया।
इससे पहले एयरपोर्ट पर इजरायली पीएम ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर भारत के प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान जब सारा नेतन्याहू ने पीएम मोदी से हाथ मिलाया तो इजरायली पीएम की नजर दोनों की ड्रेस पर पड़ी और फिर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, देखिए, मेरी पत्नी का सैफरन और आपका भी सैफरन मैचिंग कर रहा है। फिर, तीनों ठहाके लगाकर हंसने लगे।
बता दें, प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायली संसद को भी संबोधित किया और ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय पीएम बन गए। इजरायली संसद पीएम मोदी के नारों से गूंज उठी। इजरायली सांसदों ने पीएम मोदी का खड़े होकर अभिवादन किया और स्पीकर ने हिंदी भाषा में उनका स्वागत किया।
इसके बाद संसद में संबोधन के दौरान पीएम नेतन्याहू ने कहा, मुझे आपको बताना है, नरेंद्र, मेरे प्यारे दोस्त, मैं आज यहां आपके आने से बहुत-बहुत खुश हूं। मैं आपके यहां आने से इतना खुश कभी नहीं हुआ, जितना इजरायल के एक महान दोस्त, भारत-इजरायल गठबंधन के एक महान चैंपियन, दुनिया के मंच पर एक महान नेता के तौर पर हुआ। यरूशलम में आपका स्वागत है, मेरे प्यारे दोस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आपके खास प्रतिनिधिमंडल का।
उन्होंने आगे कहा, मैं लगभग यह कहने की हिम्मत करूंगा कि एक दोस्त से ज्यादा आप मेरे भाई हैं। जब आप पिछली बार यहां थे, हम दोनों मेडिटेरेनियन कोस्ट पर थे, और मैंने कहा, क्यों न हम अपने जूते उतारकर पानी में चले जाएं? हम पानी पर नहीं चले, लेकिन हमने तब से चमत्कार किए हैं। हमने अपने व्यापार को दोगुना कर दिया है, अपने सहयोग को तिगुना कर दिया है, और अपनी समझ को चौगुना कर दिया है।
--आईएएनएस
केके/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us