आंखों के लिए चश्मा ही नहीं, पोषक तत्व भी जरूरी, थाली में शामिल करें ये पौष्टिक चीजें

आंखों के लिए चश्मा ही नहीं, पोषक तत्व भी जरूरी, थाली में शामिल करें ये पौष्टिक चीजें

आंखों के लिए चश्मा ही नहीं, पोषक तत्व भी जरूरी, थाली में शामिल करें ये पौष्टिक चीजें

author-image
IANS
New Update
Health tips for eyes

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। आजकल आंखों की रोशनी कम होने की शिकायत आम हो गई है। लोग चश्मा लगाने या लेंस बदलने की ओर भागते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आंखों को स्वस्थ रखने का सबसे आसान और कारगर तरीका आपकी थाली में छुपा है?

Advertisment

नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, चश्मा तो समस्या का समाधान है, लेकिन असली सुरक्षा पोषक तत्वों से मिलती है। संतुलित और पोषणयुक्त आहार न केवल दृष्टि को मजबूत बनाता है, बल्कि उम्र बढ़ने के साथ आने वाली आंखों की कई गंभीर बीमारियों से भी बचाव करता है।

रोजाना इन चीजों को थाली में शामिल करने से आंखों की सेहत लंबे समय तक बनी रह सकती है। अगर आंखों में कोई समस्या हो, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

आंखों के लिए चश्मा जरूरी हो सकता है, लेकिन पोषक तत्वों की कमी से आंखों की रोशनी धीरे-धीरे कमजोर होती जाती है। इन खाद्य पदार्थों में विटामिन ए, सी, ई, जिंक, ओमेगा-3 फैटी एसिड और ल्यूटिन जैसे तत्व आंखों की कोशिकाओं को स्वस्थ रखते हैं, रेटिना को मजबूत बनाते हैं और मोतियाबिंद, मैकुलर डिजनरेशन जैसी समस्याओं से बचाते हैं।

नेशनल हेल्थ मिशन लोगों को जागरूक कर रहा है कि रोजाना की थाली में कुछ खास चीजें शामिल करके आंखों की देखभाल घर पर ही की जा सकती है। ऐसे में आंखों के लिए थाली में कुछ पौष्टिक चीजों को जरूर से शामिल करें।

रोजाना गाजर खाएं, जिसमें भरपूर मात्रा में विटामिन ए (बीटा-कैरोटीन) होता है, जो रात में दिखाई देने की क्षमता बढ़ाता है और आंखों की झिल्ली को स्वस्थ रखता है। इसे कच्चे सलाद में, जूस में या सब्जी के रूप में खाएं। हरी सब्जियां जैसे पालक, मेथी, सरसों का साग, और ब्रोकली जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां खाएं, जिनमें ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। ये रेटिना की सुरक्षा करते हैं और उम्र से जुड़ी आंखों की बीमारियों को रोकते हैं।

इनके साथ ही बादाम भी सीमित मात्रा में रोजाना खाएं। बादाम में विटामिन ई भरपूर होता है, जो आंखों की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से बचाता है। रोजाना 5 से 10 बादाम भिगोकर या सीधे खाना फायदेमंद है। वहीं, आंवला, संतरे और अन्य खट्टे फल कीवी, नींबू में विटामिन सी प्रचुर मात्रा में होता है। यह आंखों के आसपास की रक्त वाहिकाओं को मजबूत बनाता है और मोतियाबिंद का खतरा कम करता है।

इसके अलावा, अंडा, मछली, अलसी के बीज या अखरोट खाएं, जिनसे ओमेगा-3 मिलेगा। ये आंखों की रोशनी को तेज रखने और उम्र बढ़ने के प्रभाव को कम करने में मदद करते हैं।

--आईएएनएस

एमटी/डीकेपी

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Advertisment