नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर एक नक्शे में देश की सीमाओं से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने अपना असली रंग और पड़ोसी देश पाकिस्तान के प्रति अपना प्रेम स्पष्ट कर दिया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर एक वीडियो पर आपत्ति जताते हुए बुधवार को कांग्रेस से उसकी मंशा साफ करने और इस पर स्पष्टीकरण देने की मांग की कि उसने देश के लोगों की भावनाओं को आहत करते हुए वह नक्शा क्यों साझा किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर के साथ छेड़छाड़ की गई है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक जगह नक्शे में पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के वीडियो के स्क्रीनशॉट तुरंत साझा करते हुए उस पर हमला बोला, हालांकि कांग्रेस ने बाद में उस पोस्ट को डिलीट कर दिया।
प्रदीप भंडारी ने एक्स पर लिखा, कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर अपना असली रंग दिखा दिया है। इस बार उसने एक आधिकारिक संचार में पाकिस्तान का गलत मानचित्र दिखाया है, जिसमें जम्मू-कश्मीर को भी दिखाया गया है।
उन्होंने सवाल किया, कांग्रेस पार्टी इस बात का जवाब दे कि क्या उसके वीडियो पाकिस्तान से एडिट होकर आते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के कुकृत्य अनजाने में नहीं हुए हैं, बल्कि जानबूझकर किए गए हैं जो उसका असली रंग दिखाते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने एक्स पर लिखा, इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह अनजाने में नहीं हुआ है, यह सोची-समझी चाल थी जो दशकों पुरानी सोच को दर्शाती है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पाकिस्तान की ए टीम की तरह काम कर रही है। उसका पाकिस्तान प्रेम कोई नया नहीं है, जब वह सत्ता में थी, तब भी यह स्पष्ट था।
प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए एक्स पर लिखा, कांग्रेस का असली रंग पाकिस्तान प्रेम का है। उसने दिखाया है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा पाकिस्तान को पीओके उपहार में देना कोई भूल नहीं थी - यह जानबूझकर किया गया था। कांग्रेस पाकिस्तान की ए टीम है।
--आईएएनएस
एकेजे/जीकेटी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.