logo-image

मुंबई: 12 घंटे चली सर्जरी से अलग किये गये लव और प्रिंस, कई अंग थे आपस में जुड़े

मुंबई के परेल स्थित वाडिया अस्पताल में एक साल पहले जन्मे एक-दूसरे से जुड़े बच्चे 12 दिसंबर को एक जटिल सर्जरी के बाद अलग हो गए।

Updated on: 15 Dec 2017, 02:28 AM

मुंबई:

मुंबई के परेल स्थित वाडिया अस्पताल में एक साल पहले जन्मे एक-दूसरे से जुड़े बच्चे 12 दिसंबर को एक जटिल सर्जरी के बाद अलग हो गए। 19 सितंबर 2016 को जन्में लव और प्रिंस के लिवर, यूरीनरी ब्लैडर, आंत और फ्यूज्ड पेल्विक बोन एक ही थी।

वाडिया अस्पताल के 30 डॉक्टर्स की टीम का नेतृत्व करने वाली डॉ. पी. बेंद्रें ने कहा, ' इनका ऑपरेशन बेहद सावधानी के साथ किया गया क्योंकि हमें शक था कि बच्चों के हेवी ब्लीडिंग या लो ब्लड प्रेशर की समस्या ना हो। इस सर्जरी को करने में 12 घंटे लगे। 1 साल 3 महीने के बच्चों के सही डोज में एनस्थीशिया देना भी चुनौतीपूर्ण था।'

डॉक्टर्स ने बताया कि बच्चों की स्थिति सामान्य है हालांकि अंगो को अलग करने के चलते अभी त्वचा ठीक से बराबर नहीं है। दरअसल बच्चों के अंगों को ढंकने के लिए 'प्रोस्थेटिक मेश' और कोलाजेन का प्रयोग किया गया है। ताकि किसी तरह का संक्रमण भी ना हो।

इसे भी पढ़ें: पढ़ें गर्भपात को लेकर लांसेट का चौंकाने वाला आंकड़ा

लव और प्रिंस की मां शीतल को अपने बच्चों के जुड़े होने की जानकारी गर्भावस्था के पांचवे महीने में ही हो गई थी।

डॉ. मिनी बोधनवाला (कार्यकारी अधिकारी, वाडिया अस्पताल) ने बताया कि एक वर्ष तीन माह की नाजुक उम्र में लव और प्रिंस की काफी जटिल सर्जरी की गई है। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य हैं, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें कुछ दिनों के लिए सघन निगरानी में रखा जाएगा।

इसी अस्पताल में साल 2014 में रिद्धि-सिद्धि की भी सफल सर्जरी कर उन्हें अलग किया जा चुका है।

इसे भी पढ़ें: भारत में टीबी के सबसे ज्यादा रोगी, ऐसे फैलने से रोक सकते हैं संक्रमण