/newsnation/media/media_files/thumbnails/202508193485180-583419.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
मुंबई, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा नेता रामकदम ने मुंबई में हो रही भारी बारिश को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार मुंबई की बारिश को लेकर चिंतित है और हम स्थिति को सामान्य को बनाने में जुटे हैं। लेकिन, इस समस्या के निदान में कुछ तकनीकी समस्याएं हैं, जिस वजह से विलंब हो जाता है।
उन्होंने बताया कि मुंबई समुद्र के किनारे बसा हुआ शहर है। निश्चित तौर पर हम उस बारिश के पानी को समुद्र में प्रवाहित नहीं कर सकते हैं। इस वजह से आमतौर पर मुंबई में जलभराव की समस्या पैदा होती है। लेकिन, अब हमारी सरकार इस समस्या को लेकर संजीदा है। हम निश्चित तौर पर निकट भविष्य में इसका निदान खोज लेंगे।
रामकदम ने मुंबई में भारी बारिश से पैदा हुई चुनौतियों को भी रेखांकित किया और कहा कि लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यातायात के साधन प्रभावित हुए हैं। बारिश की वजह से रेलवे की सेवा भी प्रभावित हुई है। इस वजह से लोगों को व्यापक स्तर पर आवागमन करने में समस्या हो रही है। इसके अलावा, नांदेड में बादल फटने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहां पर सेना के जवान पहुंच चुके हैं, जो स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। इस वजह से स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल, स्थिति सामान्य बनी हुई है।
इसके अलावा, उन्होंने संजय राउत की ओर से गृह मंत्री को लिखे पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संजय राउत मानसिक रूप से कुंठित हो चुके हैं। वे हर रोज सुबह प्रेसवार्ता करके बेकार के मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं। ऐसी स्थिति में मैं समझता हूं कि हमें उनकी किसी भी बात पर ध्यान नहीं देना चाहिए, क्योंकि उनकी बात में ऐसी कोई भी गंभीरता नहीं रहती है जिस पर ध्यान दिया जाए। संजय राउत की ओर से लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद होते हैं। इसके अलावा, एकनाथ शिंदे ने संजय राउत को जो झटका दिया है, उससे वे उबर नहीं पाए हैं। इसी वजह से उनकी गाड़ी घूम फिरकर एकनाथ शिंदे पर आकर टिक जाती है।
भाजपा नेता ने बताया कि जब से संजय राउत राहुल गांधी की गोद में जाकर बैठे हैं, तब से उनकी आदत हो चुकी है कि वे हमें लेकर तरह-तरह के आरोप लगाते रहते हैं। अगर उनके पास अपने आरोपों को लेकर किसी भी प्रकार का प्रमाण है, तो वे उसे हमारे बीच प्रस्तुत करें। लेकिन, जिस तरह से वे रोज सुबह प्रेसवार्ता करके उल्टी सीधी बातें करते रहते हैं, उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
साथ ही, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा की टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मौजूदा समय में बिहार में एक ऐसे व्यक्ति (तेजस्वी यादव) के साथ यात्रा कर रहे हैं, जिनका नाम दो अलग-अलग जगहों में दर्ज है। ऐसी स्थिति में आप इसे क्या कहेंगे? मतदाता सूची में जो व्यक्ति दो बार नाम लिखवाता है और वह व्यक्ति राहुल गांधी के साथ मिलकर वोट अधिकार यात्रा में शामिल हो रहा है, यह हास्यास्पद है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार आरोप लगा रहे हैं। अगर उनके पास कोई सबूत है, तो उसे पेश करें। वे उल्टे-सीधे आरोप लगाकर मनोरंजन कर रहे हैं। बाबासाहेब अंबेडकर ने जो संवैधानिक संस्थाओं का निर्माण किया है, वे उसे ध्वस्त करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर आपके पास अपने आरोपों को लेकर सबूत है, तो उसे पेश कीजिए। इसके अलावा, अगर आपको चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, तो न्यायपालिका के पास जाइए। लेकिन, आपको न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है।
उन्होंने शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि को भारत के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात भी की। प्रधानमंत्री अपनी व्यस्तता के बीच भी मुलाकात करने का समय निकाल लेते हैं।
--आईएएनएस
एसएचके/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.