एकता कपूर जल्द ही स्टार प्लस पर एक नया शो लेकर आने वाली हैं। खास बात ये है कि इस बार वो सास-बहू का ड्रामा नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक कहानी पर आधारित शो ला रही हैं। उनके इस सीरियल का नाम 'चंद्र-नंदिनी' है।
एकता कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया कि "हमने अभी तक चंद्रगुप्त मौर्य के सम्राट बनने और उनकी वीरता की कहानी सुनी है, लेकिन किसी को ये नहीं पता कि इस वीरता के पीछे किसकी प्रेरक शक्ति छिपी हुई थी। इस शो में चंद्रगुप्त मौर्य के साथ-साथ उनकी प्रेम कहानी भी दिखाई जाएगी।
दर्शक इस शो को पसंद करेंगे? मीडिया द्वारा ये सवाल पूछने पर एकता कपूर ने कहा, "आजकल की महिलाएं मजबूत रोल मॉडल को देखना पसंद करती हैं, जिससे उनकी जर्नी और स्ट्रगल की झलक दिखाई दे। हमारे इतिहास में ऐसे कई उदाहरण देखने को मिलेंगे, लेकिन उनके बारे में जिक्र कम होता है।"
एकता कपूर ने आगे कहा कि, "मुझे हमेशा से ही रोमांटिक स्टोरी प्रोड्यूस करना अच्छा लगता है, जो खासकर मजबूत कैरेक्टर के आसपास होते हैं। फिर चाहे वो इस समय का कोई भी कैरेक्टर हो या फिर इतिहास का हो। दर्शकों को भी ये शो काफी पसंद आएगा। चाणक्य और चंद्रगुप्त की कहानियां हमेशा हमारा ध्यान अपनी ओर आर्कषित करती हैं, लेकिन मुझे चंद्रगुप्त की प्रेम कहानी भी जानने की उत्सुकता थी। इसी वजह से शो के लिए कई महीनों तक टीम के साथ बैठकर रिसर्च की। फिर उसी के अनुसार स्क्रिप्ट बनाई। इस सीरियल में रीति-रिवाजों का भी ध्यान रखा गया है।"
Source : News Nation Bureau