/newsnation/media/media_files/2026/03/06/manoj-muntashir-on-the-kerala-story-2-2026-03-06-16-19-06.jpg)
The Kerala Story 2
Manoj Muntashir on The Kerala Story 2: होली के त्योहार के बीच भी फिल्म 'द केरला स्टोरी 2' बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करती नजर आ रही है. जी हां, कई नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद फिल्म की रफ्तार पर खास असर नहीं पड़ा है. रिलीज के पहले सप्ताह में ही फिल्म ने देशभर में 20 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. इसी बीच लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने लोगों से फिल्म देखने की अपील की है. उनका कहना है कि यह फिल्म केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि समाज को एक गंभीर मुद्दे के प्रति जागरूक करने के लिए बनाई गई है.
मनोज मुंतशिर ने की खास अपील
गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने सोशल मीडिया के जरिए दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि लोग इस फिल्म को सिर्फ इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिए नहीं, बल्कि अपनी बेटियों की सुरक्षा के लिए देखें. उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों को खुद भी देखना चाहिए और अपनी बेटियों को भी दिखाना चाहिए, क्योंकि इनके जरिए कई सामाजिक सच्चाइयों और खतरों के बारे में जागरूकता मिल सकती है. उनका मानना है कि अगर लोग समय रहते सतर्क हो जाएं तो कई युवतियों को ऐसे जाल में फंसने से बचाया जा सकता है.
रिलीज से पहले ही विवादों में रही फिल्म
फिल्म The Kerala Story 2 अपने ट्रेलर रिलीज के समय से ही विवादों में घिर गई थी. कुछ संगठनों और नेताओं ने आरोप लगाया कि फिल्म में एक विशेष समुदाय को निशाना बनाकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है. इसी कारण फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठी थी. मामला अदालत तक पहुंचा और कुछ समय के लिए फिल्म की रिलीज पर रोक भी लगाई गई थी. बाद में अदालत से अनुमति मिलने के बाद फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया.
एक विनम्र निवेदन 🙏#TheKeralaStory2GoesBeyond in cinemas now.
— Manoj Muntashir Shukla (@manojmuntashir) March 5, 2026
[ Sunshine Pictures, The Kerala Story 2 Goes Beyond, Bollywood, TheKeralaStory2 ] pic.twitter.com/B1UcBybFDG
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी तीन लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आगे की पढ़ाई के लिए केरल जाती हैं. वहां उन्हें कथित तौर पर प्रेम और शादी के झांसे में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने की साजिश दिखाई गई है. फिल्म में यह दिखाया गया है कि कैसे झूठे वादों, प्यार और भरोसे का फायदा उठाकर उनकी जिंदगी को बर्बाद कर दिया जाता है.
पहले भाग ने भी किया था शानदार प्रदर्शन
फिल्म का पहला भाग The Kerala Story साल 2023 में रिलीज हुआ था और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी. इस फिल्म ने भारत में लगभग 241.74 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि दुनियाभर में इसका कुल कलेक्शन करीब 302 करोड़ रुपये रहा था.
‘केरल स्टोरी 2’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया, ऐश्वर्या ओझा, सुमित गलावत और अर्जन सिंह औजला स्टारर The Kerala Story 2 ने रिलीज के पहले सात दिनों में लगभग 22.34 करोड़ रुपये का घरेलू कलेक्शन किया है. वहीं, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 23.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.
हालांकि फिल्म को लेकर विवाद अभी भी जारी है, लेकिन इसके बावजूद दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर स्थिर कमाई करती दिखाई दे रही है.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us