मैडम तुसाद में मोम का पुतला लगना बड़ी बात है और बहुत कम स्टार्स हैं, जिनका पुतला म्यूजियम में लगाया गया है। अब इस लिस्ट में भारत की सबसे बेहतरीन सिंगर आशा भोसले का नाम भी शामिल हो गया है।
बॉलीवुड की मशहूर गायिका आशा भोसले का यहां भारत के पहले मैडम तुसाद संग्रहालय में मोम की प्रतिमा लगेगी। मंगलवार को एक घोषणा में कहा गया, आशा की मोम की प्रतिमा कई प्रसिद्ध नायकों और हस्तियों की मोम की प्रतिमाओं के साथ जुड़ेगी।
इस प्रतिमा को एक इंट्रेक्टिव थीम वाले वातावरण में बॉलीवुड संगीत क्षेत्र में अग्रणी गायकों की मौजूदगी में लगाई जाएगी। यहां फैंस को अपने पसंदीदा कलाकारों के गाने सुनने का मौका देगा।
इस सिलसिले में पिछले साल मुंबई में एक बैठक सत्र के लिए मैडम तुसाद संग्रहालय के विशेषज्ञों का एक समूह 83 वर्षीय गायिका आशा भोसले से मिला था। विशेषज्ञों ने उनकी 150 विशिष्ट मापें और तस्वीरें ली थीं।
मैडम तुसाद संग्रहालय में अपनी प्रतिमा लगाए जाने की घोषणा से आशा रोमांचित हैं।
आशा भोसले ने क्या कहा?
गायिका ने कहा, 'इस अद्भुत सम्मान के लिए मेरा चयन करने के लिए मैडम तुसाद और मेरे प्रशंसकों का धन्यवाद। खुद की मोम प्रतिमा होने की बात से बहुत ही उत्साहित हूं। यह मेरे लिए एक नया अनुभव है। यह पहली बार है जब मैंने एक जगह बैठकर माप दिया और तस्वीरें खिचवाईं। इस एक अनोखे और उत्सुकतापूर्ण अनुभव के लिए मुझे उनको धन्यवाद देना चाहिए।
1983 में भारत को पहला क्रिकेट विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव की मोम की मूर्ति लगी है। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन का भी पुतला यहां मौजूद है।
लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा ने अब तक करीब 16 हजार गाने गाए हैं। उनकी आवाज की दुनिया दीवानी है। उन्होंने मराठी, बंगाली, गुजराती, पंजाबी, भोजपुरी, तमिल, मलयालम, अंग्रेजी और रूसी भाषा के भी अनेक गीत गाए हैं।
(IANS इनपुट के साथ)
(चैंपियंस ट्रॉफी की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
Source : News Nation Bureau