श्रीदेवी के अंतिम सफर में उमड़ा हुजूम, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी की अंतिम यात्रा में बुधवार को फिल्म सितारों और हस्तियों के साथ उनके लाखों फैंस ने हिस्सा लिया।

author-image
ruchika sharma
एडिट
New Update
श्रीदेवी के अंतिम सफर में उमड़ा हुजूम, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी की अंतिम यात्रा (IANS)

दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी की अंतिम यात्रा में बुधवार को फिल्म सितारों और हस्तियों के साथ उनके लाखों फैंस ने हिस्सा लिया। छह किलोमीटर लंबी शव यात्रा जब विले पार्ले श्मशान के लिए निकली तो हर तरफ लोगों का हुजूम दिख रहा था।

Advertisment

विले पार्ले श्मशान में श्रीदेवी की बेटियों जाह्नवी और खुशी कपूर ने पार्थिव शरीर के पास अंतिम अनुष्ठानों को पूरा किया। इस दौरान श्रीदेवी के पति बोनी कपूर बेटियों के साथ थे। अंतिम अनुष्ठान के बाद पार्थिव शरीर को श्मशान गृह में भेज दिया गया।

श्रीदेवी की अंतिम यात्रा उनके पसंदीदा सफेद रंग के फूलों से सजे लंबे एयर कंडीशन ट्रक से हुई। शव यात्रा में इतनी भीड़ थी कि मुंबई में हाल ही में किसी और मौके पर इतनी भीड़ नहीं हुई है। उनके घर के पास से शुरू हुई अंतिम यात्रा तीन घंटे चलने के बाद विले पार्ले श्मशान स्थल पहुंची।

और पढ़ें: 'दासदेव' का पोस्टर हुआ आउट, मॉडर्न पारो और चांदनी लगाएंगी बोल्डनेस का तड़का

2013 में पद्मश्री से सम्मानित श्रीदेवी को महाराष्ट्र सरकार ने राजकीय सम्मान दिया। उनके पार्थिव शरीर को पहले तिरंगे में लपेटा गया और फिर पुलिस ने उन्हें बंदूकों की सलामी दी। फिजा में 'श्रीदेवी अमर रहे' के नारों की गूंज थी।

ताबूत के अंदर श्रीदेवी का पार्थिव शरीर पूरे श्रृंगार में था। उनका निधन एक सुहागन के तौर पर हुआ है, इसलिए उनकी मांग सिंदूर से भरी हुई थी और उन्हें सुनहरे व मरून रंग की कांजीवरम साड़ी और गले में हार पहनाया गया था। चिर निद्रा में वह एक देवी की तरह मालूम पड़ रही थीं।

दुखी परिवार के सदस्य, जिसमें उनके पति बोनी कपूर, श्रीदेवी के सौतेले बेटे अर्जुन कपूर, देवर अनिल और संजय कपूर ट्रक पर उनके पार्थिव शरीर के साथ मौजूद थे। इसके अलावा लोखंडवाला परिसर के ग्रीन एकर्स में रहने वाले उनके पड़ोसी और कपूर खानदान के रिश्तेदार भी शवयात्रा में आगे चल रहे थे।

करीब छह किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान ट्रक पर श्रीदेवी की एक बड़ी तस्वीर भी रखी हुई थी।

और पढ़ें: श्रीदेवी के निधन के बाद बिग बी का भावुक संदेश, लिखा- वापस आ जाओ!

इन दिग्गज सितारों के बाद श्रीदेवी के अंतिम सफर में उमड़ा हुजूम

इससे पहले सबसे ज्यादा भीड़ महान गायक मोहम्मद रफी की अंतिम यात्रा (जुलाई 1980) में लगभग 10 लाख लोग शामिल हुए थे और भारत के पहले सुपरस्टार माने जाने वाले राजेश खन्ना (जुलाई 2012) की अंतिम यात्रा में 10 लाख से कुछ कम लोग शामिल हुए थे।

मुंबई में गैर राजनीतिक हस्तियों की अंतिम यात्रा में सबसे ज्यादा भीड़ वाली हस्तियों में राज कपूर (जून 1988) और विनोद खन्ना (अप्रैल 2017) का नाम भी शामिल है।

इससे पहले श्रीदेवी का पार्थिव शरीर तीन घंटे तक सेलिब्रेशंस स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया, जहां हजारों लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

और पढ़ें: राजकीय सम्मान के साथ श्रीदेवी की नम आंखों से विदाई, बोनी कपूर ने दी मुखाग्नि

मशहूर शख्सियतों, बॉलीवुड हस्तियों, राजनेताओं और कारोबारियों सहित हजारों शोक संतप्त लोगों ने रुपहले पर्दे की रानी को श्रद्धांजलि दी।

क्लब परिसर में फूलों से ढका अभिनेत्री का पार्थिव शरीर लाए जाने के बाद बड़ी संख्या में मशहूर हस्तियां अपने वाहन से उतरकर उनके दर्शन के लिए क्लब में जाती नजर आने लगीं।

श्रीदेवी का सबसे पहले अंतिम दर्शन करने वालों में रेखा, ऐश्वर्या राय बच्चन, अरबाज खान, माधुरी दीक्षित नेने, अक्षय खन्ना, तब्बू, फराह खान, नितिन मुकेश, नील नितिन मुकेश, विद्या बालन, सुष्मिता सेन, शबाना आजमी, जावेद अख्तर, मधुर भंडारकर, दीपिका पादुकोण, संजय लीला भंसाली, फरहान अख्तर, हेमा मालिनी, जया बच्चन, जॉन अब्राहम, सुलभा आर्या, अजय देवगन और काजोल जैसी हस्तियां शामिल रहीं। इससे पहले सलमान खान मध्यरात्रि में श्रीदेवी के घर ग्रीन एकर्स पहुंचे थे।

श्रीदेवी का 24 फरवरी को दुबई में निधन हो गया था। मंगलवार रात को दुबई से उनका पार्थिव शरीर मुंबई पहुंचा और हवाईअड्डे से ग्रीन एकर्स ले जाया गया।

सभी राज्यों की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Source : IANS

Cremation Sridevi
      
Advertisment