दिल्ली में फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी

दिल्ली में फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी

दिल्ली में फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी

author-image
IANS
New Update
दिल्ली में फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्लीवासियों के लिए यमुना नदी में बढ़ता जलस्तर एक बार फिर चिंता का कारण बन गया है। दिल्ली और आसपास के राज्यों में हुई भारी बारिश के अलावा, हिमाचल और उत्तराखंड के बांधों से छोड़े गए पानी की वजह से भी सोमवार को यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

Advertisment

तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सबसे अधिक प्रभाव यमुना बाजार इलाके के लोहा पुल के पास दिखाई दे रहा है, जहाँ नदी का पानी तेजी से बढ़ते हुए किनारों से बाहर निकलने लगा है। यमुना बाजार के पास बने एक पुराने मंदिर का दृश्य सबसे अधिक चौंकाने वाला है। नदी का जलस्तर इतना ऊपर पहुंच चुका है कि यह मंदिर अब लगभग डूबने की कगार पर है।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है। नदी किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। यमुना के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। सरकार और अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।

दिल्ली से सटे नोएडा में भी यमुना का जल स्तर बढ़ा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा आ गया है।

आपको बताते चलें, राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में चेतावनी का स्तर 204.5 मीटर है, खतरे का स्तर 205.3 मीटर है और 206 मीटर पर निकासी शुरू होती है। ऐसी स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की कवायद शुरू हो जाती है। यमुना के प्रवाह और बाढ़ के जोखिम को मापने का ओल्ड रेलवे ब्रिज एक महत्वपूर्ण केंद्र है।

--आईएएनएस

पीएसके/एएस

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Advertisment